फतेहपुर में सिरफिरे शोहदे की छेड़खानी से तंग युवती ने की खुदकुशी, मामला दर्ज
पिता की हिदायत, गांव में पंचायत व पुलिस में शिकायत सब बेकार
फतेहपुर, अमृत विचार। एकतरफा प्रेम में सिरफिरे आशिक की छेड़खानी से तंग आकर युवती ने रविवार को घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। खेदजनक पहलू यह है कि पिता की हिदायत, गांव में पंचायत व पुलिस में शिकायत भी शोहदे की हरकतों पर लगाम न लगा सकी तो वह अवसादग्रस्त हो गई थी। पुलिस ने युवती के पिता की तहरीर पर आरोपी युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामला गाजीपुर थाना क्षेत्र का है। इस क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 20 साल की युवती दोपहर को घर में अकेली थी। पिता खेत गया था। खेत से लौटने पर उसने छत के कुंडे से बेटी का शव लटकते देखा। यह देख परिजनों के होश उड़ गए। साड़ी का फंदा काटकर शव को नीचे उतारा लेकिन तब उसकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी तो वह घटनास्थल पर पहुंची। मृतका के पिता ने बताया कि गांव का लल्ली रैदास आए दिन उसकी बेटी से अश्लील हरकतें करता था। रास्ते में अक्सर बेटी के साथ छेड़खानी करता था। उसने सात नवंबर को भी छेड़खानी की थी। कई बार आरोपी को समझाया और हिदायत भी दी गई थी। मामला बढ़ने पर गांव में पंचायत भी हुई थी। पुलिस से मामले की शिकायत भी की थी, लेकिन कार्रवाई न होने से उसके हौसले और बुलंद हो गए। फिर भी शोहदा लगातार बेटी को तंग करता रहा। इन तमाम कोशिशों के बावजूद युवती को सिरफिरे सोहदे से छुटकारा नहीं मिल पा रहा था। इससे वह अवसाद में रहने लगी थी।
शोहदे की छेड़खानी से आहत बेटी ने अंततोगत्वा फंदा लगाकर जान दे दी। मृतका के दो भाई रोजगार के सिलसिले से बाहर रहते हैं। मां की कई साल पहले मौत हो चुकी है। थानाध्यक्ष विनोद मिश्रा ने बताया कि छेड़खानी की कोई शिकायत नहीं आई थी। गांव स्तर पर पंचायत करने का पता लगा है। मृतक के पिता की तहरीर पर लल्ली रैदास के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें -Video : केनरा बैंक बिल्डिंग में लगी आग पर पाया गया काबू, फायर फाइटर्स ने कई लोगों को किया रेस्क्यू
