मुरादाबाद: मकान का बंटवारा बना परवेज की हत्या का कारण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

खुलासा: आरोपी ने भाई पर लगाया मकान की हिस्सेदारी में बेइमानी करने का आरोप

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुगलपुरा थाना क्षेत्र के वारसी नगर में रविवार देर रात बड़े भाई की हत्या करने वाले जमशेद को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हत्या का कारण पुलिस ने संपत्ति का बंटवारा बताया है। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने आला कत्ल चाकू के साथ ही उसके खून से सने कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। अभियुक्त ने पुलिस को बताया है कि उसका भाई परवेज से मकान के कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था। परवेज उसे मकान में हिस्सा नहीं देना चाहता था। इसी कारण उसने बड़े भाई की हत्या कर दी।

एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त जमशेद पुत्र स्वर्गीय इश्तकार हुसैन मुगलपुरा थाना क्षेत्र में वारसी नगर गली नंबर-तीन का रहने वाला है। इसने रविवार रात में अपने बड़े भाई परवेज की गला रेतकर हत्या कर दी थी। इस मामले में मृतक की पत्नी की तहरीर पर मारपीट और हत्या के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई गई है। उन्होंने बताया कि परवेज की हत्या की सनसनीखेज घटना होने पर अभियुक्त की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए एसएसपी ने क्षेत्राधिकारी कोतवाली देशदीपक सिंह के नेतृत्व वाली टीम गठित की थी।

 अभियुक्त जमशेद के कब्जे से पुलिस ने घटना में प्रयुक्त छुरी व उस दौरान पहने खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि अभियुक्त जमशेद ने पूछताछ में बताया है कि उसका परवेज से मकान के कब्जे को लेकर विवाद चल रहा था। परवेज उसे मकान में हिस्सा नहीं देना चाहता था। मृतक संबंधित मकान के हिस्से बंटवारे का दबाव बना रहा था। जिसे लेकर उसने अपने भाई परवेज की गले पर छुरी मारकर हत्या की है। उधर, मुगलपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि अभियुक्त जमशेद को जेल भेजा गया है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : मुकदमे की विवेचना में 5000 रुपये की घूस लेने वाली दरोगा को रंगे हाथ पकड़ा

संबंधित समाचार