पीलीभीत: ई-रिक्शा चालक ने फंदा लगाकर दे दी जान, मचा कोहराम..जानिए पूरा मामला
पीलीभीत, अमृत विचार। संदिग्ध परिस्थितियों में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। वह कई दिन से बीमार चल रहा था। पुलिस शव का पोस्टमार्टम कराकर छानबीन कर रही है। सुनगढ़ी क्षेत्र के ग्राम मधु डांडी के रहने वाले सुशील अवस्थी (22) पुत्र भगवती प्रसाद ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण पोषण करते थे।
वह चार भाइयों में सबसे छोटे अविवाहित थे। उनका एक मकान सुनगढ़ी थाना क्षेत्र की शिवाजी कॉलोनी में है। करीब दो साल से वह अपने बड़े भाई विमलेश के साथ शिवाजी कॉलोनी स्थित मकान पर आकर रहने लगे थे। भाई विमलेश ने बताया कि करीब दो माह पूर्व सुशील के पैर में फैक्चर हो गया था, जिसका अभी इलाज चल रहा था।
वह थोड़ा बहुत चल फिर लेता था। दो दिन बाद पैर में चढ़ा प्लास्टर भी कटने वाला था। भाई के बीमार होने के बाद से वह उसका ई-रिक्शा चला रहे थे। गुरुवार को सुबह वह घर से ई-रिक्शा लेकर चले गए।
दोपहर में स्कूल के बच्चों को उनके घर छोड़ा और फिर अपने घर शिवाजी कॉलोनी पहुंचे। मकान के भीतर पहुंचे तो कमरे में छोटे भाई सुशील का शव कुंडे पर रस्सी के बने फंदे से लटका हुआ था। सुनगढ़ी पुलिस ने मौका मुआयना कर जानकारी की। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। परिवार में घटना के बाद चीख पुकार मची रही।
ये भी पढ़ें - पीलीभीत: जाम छलकाते मिले युवकों को पुलिस ने पकड़ा, फजीहत पर छोड़ा..जानिए पूरा मामला
