रायबरेली: महुआ के पेड़ से अनियंत्रित होकर टकराया ट्रैक्टर पलटा, चालक की दबकर मौत, मचा कोहराम 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सरेनी, रायबरेली। शुक्रवार की रात ट्रैक्टर में डीजल भरवाकर लौट रहा ट्रैक्टर रास्ते में एक पेड़ से टकराकर पलट गया। जिसमें दबकर ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हादसे से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। 

थाना क्षेत्र के गोसाई खेड़ा मजरे लछई खेड़ा गांव के रहने वाले जगदीश (35 वर्ष) पुत्र दयाशंकर ट्रैक्टर चालक था। वह शुक्रवार की रात करीब साढ़े दस बजे भोजपुर पेट्रोल पंप से ट्रैक्टर में तेल भरवा कर वापस घर लौट रहा था। जैसे ही ट्रैक्टर चालक जगदीश भोजपुर पंचायत भवन से पहले पहुंचा तो ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर महुआ के पेड़ से टकराकर पलट गया।

इससे जगदीश ट्रैक्टर के नीचे दब गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े और पुलिस को घटना से अवगत कराया। पुलिस ने पहुंचकर लोडर से रस्सा  बांधकर ट्रैक्टर को खिंचवाया, तब तक जगदीश की मौत हो चुकी थी। घटना से मृतक की पत्नी श्यामा देवी, बेटी दिव्यांशी, प्रियांशी, हिमांशी का रो-रो कर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी संजय कुमार का कहना है कि शव को कब्जे मे लेकर पीएम के लिए भेज दिया गया है, विधिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें: लखनऊ: व्हाट्सएप पर अत्याधुनिक हथियार, बुलेट्स का लगाया स्टेटस, पूर्व आईपीएस ने डीजीपी से की शिकायत

संबंधित समाचार