शाहजहांपुर: पहले हुई प्रशासनिक अधिकारियों से झड़प, फिर शुरू हुआ काम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नगर के लोगों ने जब नाला निर्माण को चलाई जेसीबी, थम गया ग्रामीणों का विरोध, ग्रामीण सीमा में नायब तहसीलदार ने पुलिस बल की मौजूदगी में देर शाम तक करवाई खुदाई

शाहजहांपुर, तिलहर, अमृत विचार: अंबेडकर ग्राम मौजमपुर गौटिया व नगर क्षेत्र के मध्य स्थित तालाब और बस्ती के पानी निकास को लेकर दो पक्षों की तनातनी प्रशासन के गले की फांस बनी हुई थी। रविवार को भी नाला निर्माण के मद्देनजर दोनों ओर से खुदाई के प्रयास के दौरान दोनो पक्षों की ओर से विरोध के चलते प्रशासनिक अमले से तीखी झड़प हुई।

शाम होते-होते नगर पक्ष ने स्वयं ही जेसीबी चलवाना शुरू कर दिया। इसके बाद ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का विरोध भी थम गया और यहां भी खुदाई शुरू हो गई। ग्रामीण सीमा में नायब तहसीलदार ने पुलिस बल की मौजूदगी में देर शाम तक खुदाई करवाई। बता दें कि इस बस्ती से सटे तालाब के उफनाए पानी से अंबेडकर ग्राम मौजमपुर व नगर की निजामगगंज गौटिया की गलियों और घरों में भारी जलभराव हो गया था।

समस्या समाधान के मद्देनजर ग्रामीण क्षेत्र की ओर से रामलाल वर्मा , राम गोपाल गुर्जर और ईश्वरी देवी की अगुवाई में 16 अगस्त को ब्लॉक कार्यालय परिसर में धरना प्रदर्शन शुरू किया गया। बात न बनने पर नगर पालिका गेट पर धरना शुरू किया गया था। उधर, भाजपा किसान मोर्चा की जिला उपाध्यक्ष आरती सिंह तालाब और ग्रामीण बस्ती के पानी का नगर की ओर निकास किए जाने की आशंका के तहत पानी की टंकी पर चढ़ गई थीं।

बाद में वह महिला विंग के साथ वित्त मंत्री सुरेश खन्ना से मिलीं और उन्हें समस्या से अवगत कराया। उनकी मांग पर मंत्री के हस्तक्षेप पर डीएम उमेश प्रताप सिंह ने एसडीएम अंजली गंगवार को सीओ की मौजूदगी में तालाब की पैमाइश कराकर अवैध कब्जे हटवाने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में एडीएम संजय पाण्डेय ने 18 नवंबर को स्थलीय निरीक्षण कर एसडीएम को पानी निकास मामले में दोनों ओर नाला बनाने के निर्देश दिए थे।

उसी दिन से नायब तहसीलदार जगत मोहन जोशी व पालिका ईओ कल्पना शर्मा नाला खुदाई के लिए एक सप्ताह तक जेसीबी मशीनें और पूरे लाव लश्कर के साथ प्रयास में जुट गईं। लेकिन दोनो पक्ष ही गांव व नगर में खुदाई को लेकर प्रशासन के गले की हड्डी बन गए। रविवार को भी दिन भर ईओ , नायब तहसीलदार के साथ ही पुलिस टीम से भी दोनों पक्षों की तीखी झड़प होती रहीं ।

नायब तहसीलदार जोशी के तेवर सख्त होने और कार्यवाही करने की चेतावनी देते ही नगर पक्ष बैकफुट पर आ गया और देर शाम स्वयं ही खुदाई शुरू करवा दी। ग्रामीण सीमा में नायब तहसीलदार ने पुलिस बल की मौजूदगी में देर शाम तक खुदाई करवाई।

ये भी पढ़ें - शाहजहांपुर: नहीं कराई ई-केवाईसी, 60 हजार की किसान सम्मान निधि अटकी

संबंधित समाचार