अयोध्या: अपनों के मेले में मीत नहीं पाता हूं...। धूल फांक रही भारत रत्न अटल जी की प्रतिमा, नहीं पुरसाहाल!

Amrit Vichar Network
Published By Sachin Sharma
On

इंदु भूषण पांडेय, अयोध्या। पीली पन्नी में लिपटी हुई यह प्रतिमा देश के तीन बार प्रधानमंत्री रहे भारत रत्न, पद्म विभूषण स्मृति शेष अटल बिहारी वाजपेयी की है। पन्नी अब लपेटी गई है, वर्ना यह प्रतिमा इसी जगह खुले में न जानें कितने दिनों से धूल फांक रही थी। हजारों करोड़ों से अयोध्या में विकास की चल रही परियोजनाओं के बीच ही जिला पंचायत के परिसर में लगी यह प्रतिमा व्यवस्था को मुंह चिढ़ाती है।

Untitled-11 copy

इस खबर पर अटल जी की ही एक कविता की यह पंक्तियाँ बहुत कुछ सटीक बैठती हैं... "लगी कुछ ऐसी नजर, बिखरा शीशों का शहर, अपनों के मेले में मीत नहीं पाता हूं"। 'अमृत विचार' ने सोमवार को जब इस प्रतिमा के बारे में जिला पंचायत के कुछ जिम्मेदारों से छानबीन शुरू की तो अब यह कहा जा रहा है कि अटल जी की जयंती आगामी 25 दिसम्बर तक इसे दुरुस्त कर लिया जाएगा।

दरअसल जिला पंचायत परिसर में मुख्य भवन के ठीक सामने अटल जी की यह प्रतिमा बीते साल स्थापित की गई थी। अब तक अनावरण विहीन भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की इस प्रतिमा को लेकर पंचायत बोर्ड और जिम्मेदारों की संजीदगी का आलम भी गजब है। जहां बोर्ड के कुछ सदस्य प्रतिमा स्थापना को दो साल बता रहे हैं वहीं जिम्मेदार एक साल।

स्थिति यह है कि जिला पंचायत के पास अटल बिहारी वाजपेयी की इस प्रतिमा को लेकर कोई रेकार्ड तक नहीं मौजूद है। यह हाल तब है जब दो साल पहले जिला पंचायत बोर्ड ने ही परिसर में अटल जी की प्रतिमा स्थापित करने के लिए प्रस्ताव पारित किया था। बोर्ड के नियमानुसार पारित प्रस्तावों को सूचीबद्ध रखा जाता है। ऐसे में जिम्मेदारों की संजीदगी का आलम सामने है।

संवर गया अपर मुख्य अधिकारी का बंगला, प्रतिमा वैसी की वैसी रही

जिला पंचायत के सूत्रों के अनुसार इसी दौरान जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी का बंगला सज-संवर गया। बंगले के सुंदरीकरण में करीब 12 लाख खर्च हुए जिसका भुगतान तक हो गया लेकिन अटल जी की प्रतिमा का अनावरण तो दूर धूप और बरसात से सुरक्षित करने के लिए एक छतरी तक नसीब नहीं हुई। जहां प्रतिमा लगी है वहां पार्क विकसित होना था लेकिन वह भी ठंडे बस्ते में चला गया।

बोर्ड की जब भी आगामी बैठक होगी तो मैं यह प्रस्ताव रखूंगा कि अटल जी की प्रतिमा स्थल का भव्य सुंदरीकरण कराया जाए। वर्तमान में श्रद्धेय अटल जी की प्रतिमा की स्थिति कदापि उचित नहीं है। 
                                                                                           -इंद्रभान सिंह, जिला पंचायत सदस्य, अयोध्या 

जिला पंचायत परिसर में अटल जी की प्रतिमा करीब साल भर पहले स्थापित हुई है। कितनी लागत और कहां से आई यह जानकारी नहीं है। जहां तक अनावरण का प्रश्न है 25 दिसम्बर जयंती पर तैयारी की जा रही है। पन्नी बंदरों आदि से बचाने के लिए लगाई गई है, छतरी के कार्य का प्रस्ताव नहीं है। 
                                                                           -मुकेश जैन, अपर मुख्य अधिकारी, जिला पंचायत, अयोध्या

यह भी पढ़ें: लखनऊ: ओपी चाचा..., ओपी चाचा... कहते हुए बेसिक शिक्षक भर्ती अभ्यर्थी पहुंचे राजभर के आवास, की यह मांग

संबंधित समाचार