बरेली: सकलैन मियां का उर्स-ए-चेहल्लुम कल, पोस्टर जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दरगाह शराफत मियां पर प्रेसवार्ता में दी गई जानकारी, देशभर से उर्स में शामिल होंगे जायरीन

बरेली, अमृत विचार। दरगाह शाह शराफत मियां पर सोमवार को एक प्रेसवार्ता हुई, जिसमें दरगाह के पदाधिकारियों ने पोस्टर जारी कर बताया कि 29 नवंबर को शाह सकलैन मियां का उर्स-ए-चेहल्लुम मनाया जाएगा। जिसमें देशभर से जायरीन शामिल होंगे। इसके लिए दरगाह पर तैयारी अंतिम चरण में है।

हाफिज मुहम्मद शेख शाहिद सकलैनी ने प्रेसवार्ता में बताया कि 20 अक्टूबर को पीरो मुरशिद सकलैन मियां का इंतकाल हो गया था। उनके जाने से मुरीद गमगीन हैं। मीडिया प्रभारी हमजा सकलैनी ने बताया कि मियां हुजूर का 40वां यानी उर्स-ए-चेहल्लुम 29 नवंबर को होगा। बुधवार को सुबह कुरान ख्वानी होगी। इसके बाद सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक उलमा-ए-कराम की तकरीर होगी। उसके बाद कुल शरीफ का फातिहा किया जाएगा। उर्स में शामिल होने के लिए कई खानकाह के सज्जादानशीन आ रहे हैं।

शाह सकलैन एकेडमी के सचिव हाजी लतीफ सकलैनी ने बताया कि इसमें देशभर से जायरीन के आने की संभावना है। इसके लिए दरगाह कमेटी की तरफ से पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों से यातायात और पुलिस व्यवस्था कराने की मांग की गई है। प्रेस वार्ता में मौलाना मुख्तार सकलैनी, गुलाम मुर्तुजा, मौलाना हफीज सकलैनी, मुंतासिब सकलैनी, हाजी इंतजार हुसैन, हाफिज जाने आलम, आफताब सकलैनी मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- बरेली: गुरु नानकदेव के 554वें प्रकाश पर्व पर बिशप मंडल कॉलेज के मैदान पर सजा मुख्य दीवान, मत्था टेकने वालों का लगा तांता

संबंधित समाचार