बरेली: नए मतदाता बनने के लिए युवाओं के साथ महिलाओं में दिखा उत्साह

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

demo image

बरेली, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव को लेकर मतदाता पुनरीक्षण कार्य के तहत दो दिन के विशेष अभियान में लोगों में मतदाता बनने का उत्साह देखने को मिला। नए वोटर बनने में युवाओं और महिलाओं की संख्या अधिक है। वहीं मतदाता सूची से मृतकों के नाम काटने और बढ़ाने के लिए भी कई लोगों ने आवेदन किए हैं।

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत 27 अक्टूबर से हुई। 4 और 5 नवंबर को जिले के 3492 बूथों पर लोगों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसके बाद 25 और 26 नवंबर को दो दिवसीय अभियान चलाया गया।

जिसमें 25 नवंबर को नए मतदाता बनने के लिए 5045 लोगों ने बूथों पर पहुंचकर आवेदन किए। इसमें 1725 आवेदन करने वालों की उम्र 18-19 साल की है, जबकि 2183 महिलाओं ने आवेदन किए। 18-19 साल की उम्र में युवाओं के साथ युवतियां भी शामिल हैं। इसी तरह से 26 नवंबर को 4855 लोगों ने फार्म-6 भरा है।

इसमें 1541 आवेदन करने वालों की उम्र 18-19 साल की है, जबकि 1782 महिलाएं हैं। दो दिन में 9900 लोगों ने आवेदन किए, जिसमें 3965 महिलाएं हैं। पुरुषों की तुलना में महिलाओं में मतदाता बनने का रुझान ज्यादा है।

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हैदर अब्बास ने बताया कि युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया गया है। अभी दो और तीन दिसंबर को विशेष अभियान चलेगा। नौ दिसंबर तक इस पर दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन पांच जनवरी को किया जाएगा।

सूची से 2153 मृतकों के नाम हटाने के लिए आवेदन

विशेष अभियान में मतदाता सूची से मृतकों के नाम हटाने के लिए पहले दिन 1235, शिफ्टेड के लिए 672, डुप्लीकेट के लिए 307, संशोधन के लिए 419, दूसरे दिन 26 नवंबर को सूची से 918 मृतकों के नाम हटाने, शिफ्टेड के लिए 413, डुप्लीकेट के लिए 271, संशोधन के लिए 220 आवेदन किए गए हैं।

चार-पांच नवंबर को 13 हजार से अधिक युवाओं ने भरे थे फार्म

चार-पांच नवंबर को विशेष अभियान में पहले दिन 7200 के करीब युवाओं ने मतदाता बनने के लिए फार्म भरे थे। इसके अलावा 22 सौ से अधिक लोगों ने मतदाता सूची से नाम काटने, 650 लोगों ने नाम संशोधन के लिए आवेदन किया था। वहीं पांच नवंबर को 6 हजार युवाओं ने मतदाता बनने के लिए, 1650 ने वोटर लिस्ट से नाम काटने और 750 लोगों ने मतदाता सूची में संशोधन के लिए आवेदन जमा किए थे।

ये भी पढ़ें- बरेली: अधिवक्ता पहुंचा एसएसपी ऑफिस, डॉक्टर के बेटे-बेटी समेत तीन पर लगाए गंभीर आरोप 

 

संबंधित समाचार