प्रयागराज : चापड़ के हमले से घायल कंडक्टर हरिकेश के शरीर पर लगे 35 टांके
प्रयागराज, अमृत विचार। चापड़ के हमले से बुरी तरह घायल कंडक्टर हरिकेश विश्वकर्मा के शरीर में कुल 35 टांके लगे हैं। उसे इमरजेंसी वार्ड में शिफ्ट किया गया है। परिचालक के गले में छह इंच लंबा घाव हुआ है। गले की कई नसें भी इससे कट गई हैं। गनीमत रही कि डॉक्टरों ने उन्हें बचा लिया। फिलहाल अब सेहत में सुधार है।
बीते शुक्रवार को सिटी बस में छात्र लारेब हाशमी द्वारा किये गये जानलेवा हमले के बाद से एसआरएन अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती हरिकेश विश्वकर्मा की हालत में अब सुधार है। दो दिन पहले तक हालत काफी नाजुक थी। डॉक्टरों के मुताबिक हरिकेश के दाहिने कान के नीचे गर्दन के पिछले हिस्से में करीब छह इंच लंबा, चार इंच चौड़ा और तीन इंच गहरा घाव था। गले में 20 टांके लगाये गये है। हरिकेश के हाथों में चोट लगी है। हाथ में 15 टांके लगाए गए हैं। डॉक्टरो के मुताबिक गर्दन पर हमले में परिचालक के दिमाग की एक नस कट गई है जो दिमाग से दिल तक खून को ले जाने का काम करती है। फिलहाल डॉक्टरों ने किसी तरह से कंडक्टर को बचा लिया है।
वहीं पुलिस मुठभेड़ में घायल लारेब का इलाज जेल अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल में भी उसे कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। अस्पताल में उसकी सुरक्षा और देखभाल के लिए सिपाही और नंबरदार की ड्यूटी बराबर लगाई गई है। जिससे वह अस्पताल में भी खुद को कोई नुकसान न पहुंचा सके।
ये भी पढ़ें -गोंडा : मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में नदी के कछार से खोदकर निकाला गया महिला का शव
