शाहजहांपुर: एसपी ऑफिस में आत्मदाह के लिए पहुंची महिला, मचा हड़कंप
शाहजहांपुर, अमृत विचार। एसपी ऑफिस में हड़कंप मच गया जब एक महिला हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर पहुंच गई और आत्मदाह की धमकी देने लगी। एक होमगार्ड ने उससे बोतल छीनकर पेट्रोल फेंक दिया। मौके पर मौजूद अग्निशमन अधिकारी रेहान अली ने महिला की बात सुनी और उसे कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया …
शाहजहांपुर, अमृत विचार। एसपी ऑफिस में हड़कंप मच गया जब एक महिला हाथ में पेट्रोल से भरी बोतल लेकर पहुंच गई और आत्मदाह की धमकी देने लगी। एक होमगार्ड ने उससे बोतल छीनकर पेट्रोल फेंक दिया। मौके पर मौजूद अग्निशमन अधिकारी रेहान अली ने महिला की बात सुनी और उसे कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया तब जाकर महिला शांत हुई।
निगोही थाना क्षेत्र के कजरीनूरपुर गांव की रहने वाली महिला ने बताया कि उसकी शादी 2018 में सदर बाजार थाना क्षेत्र के मोहल्ला दिलाजाक के रहने वाले विकास यादव से हुई थी। मार्च 2020 में विकास ने पड़ोस में रहने वाली एक लड़की से कोर्ट मैरिज कर ली और बाहर कहीं रहने लगा। वह ससुराल में ही रह रही है।
11 सितंबर की रात करीब डेढ़ बजे उसके जेठ मनोज यादव ने उससे दुष्कर्म का प्रयास किया। उसके चीखने चिल्लाने पर उसका गला दबाने का प्रयास किया। ससुरालजन जाग गए तो वह किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की धमकी देता हुआ चला गया। उसने अपने मायके वालों को घटना की जानकारी दी। उसके पिता और बहन घर आए तो ससुराल वालों ने उन्हें घर में नहीं घुसने दिया।
छत पर आकर महिला अपने पिता को घटना के बारे में चिल्लाकर बताने लगी। इस पर नाराज जेठ रजनीश यादव, सास शांति, जेठानी डेसू और पूनम उसे बाल पकड़कर नीचे खींच लाए। तभी जेठ मनोज भी वहां आ गया। सबने मिलकर उसे मारापीटा और घर से निकाल दिया। उसने सदर बाजार थाने में शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।
इसी बात से नाराज महिला बुधवार को आत्मदाह के इरादे से एसपी आफिस पहुंची थी। एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि महिला को एफआईआर दर्ज कराने के लिए सदर बाजार थाने भेजा गया है। पुलिस को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
