बरेली: मतदाता बनने के लिए बूथों पर पहुंचे सात हजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव के लिए शनिवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत सात हजार से अधिक लोग मतदेय स्थल पर पहुंचे और फार्म भर मतदाना बनने के लिए पंजीकरण कराया। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने बूथों पर चल रहे मतदाता पुनरीक्षण के कार्याें का एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान के साथ निरीक्षण किया। गैर हाजिर पाए गए दो बीएलओ पर डीएम ने एफआईआर दर्ज कराई है।

दरअसल, मतदाता सूची में अधिक से अधिक लोगों के नाम जोड़ने के लिए 27 अक्टूबर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत हुई है। चार, पांच, 25, 26 नवंबर को विशेष तिथि में बूथों पर अभियान चलाकर लोगों का पंजीकरण कराया जा चुका है।

शनिवार को जिले के 3492 बूथों पर मतदाता सूची में लोगों के नाम शामिल कराने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। 7005 लाेगों ने मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए बूथों पर पहुंचकर फार्म-छह भरे।

इसमें 2707 लोग 18 से 19 साल की उम्र के हैं, जिसमें युवक और युवतियां हैं। इसी तरह से 3034 महिलाओं ने फार्म भरे और दो दिव्यांगजनों ने पंजीकरण कराया। इस दौरान 1407 मृतकों के नाम मतदाता सूची से काटने, 615 लोगों को शिफ्टेड, 508 डुप्लीकेट के फार्म भरे गए। इसके अलावा 1071 लोगाें ने मतदाता सूची में संशोधन के लिए पंजीकरण कराया है।

वहीं, डीएम रविंद्र कुमार ने एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान के साथ विधानसभा क्षेत्र 123 बिथरी चैनपुर के प्राथमिक विद्यालय नवदिया झादा, उच्च प्राथमिक विद्यालय बिथरी चैनपुर के पोलिंग बूथ का निरीक्षण किया। उन्हें प्राथमिक विद्यालय उड़ला जागीर के मतदेय स्थल के निरीक्षण में बीएलओ के कार्य में कमियां मिली।

डीएम ने उसे सुधारने के आदेश दिए। डीएम ने तहसीलदार सदर राम नयन सिंह को पोलिंग बूथ संख्या 67, 68, 69, 70, 71 पर तैनात बीएलओ की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के आदेश भी दिए। इसके अलावा बूथ संख्या 134 कन्या इंटर कॉलेज में तैनात बीएलओ तनु जैन निरीक्षण में गैर हाजिर पाई गईं।

जबकि बूथ संख्या 70 पर तैनात बीएलओ शहला सिद्दीकी के बीएलओ रजिस्टर, प्रारूप 9, 10, 11 पर सूचना दर्ज नहीं थी। इस पर दोनों पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। दोनों बीएलओ सहायक अध्यापिकाएं हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हैदर अब्बास ने बताया कि रविवार को भी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा।

ये भी पढ़ें - बरेली: 'मानको का हवाला देकर किया जा रहा टेंपो चालकों को परेशान', विरोध प्रदर्शन कर निकाली रैली 

संबंधित समाचार