अमरोहा: फंदे पर लटका मिला सरकारी शिक्षिका का शव, जानिए पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

किराये के मकान में रहती थी बागपत की मीनू पंवार, पति से आठ साल पहले हो चुका था तलाक

अमरोहा/गजरौला, अमृत विचार। गजरौला की टीचर कॉलोनी स्थित किराये के मकान में रह रही बागपत निवासी सरकारी शिक्षिका का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। आठ साल पहले शिक्षिका का पति से तलाक हुआ था। वह यहां अकेली ही रहती थी। फिलहाल पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। 

जनपद बागपत में दोघट थाना क्षेत्र के दरीसपुर गांव निवासी मीनू पंवार (34) धनौरा ब्लॉक क्षेत्र के गांव वाजिदपुर में स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक थीं। वह गजरौला नगर के मोहल्ला टीचर कॉलोनी में रहने वाले सेवानिवृत्त दरोगा ईश्वर सिंह के मकान में किराये पर रहती थीं। बताया गया कि मीनू पंवार भूतल पर बने कमरे में, जबकि ईश्वर चंद परिवार सहित अपर मंजिल पर रहता है। रविवार रात ईश्वर चंद परिवार के साथ सोए थे। जबकि शिक्षिका अपने कमरे में थी।

सोमवार सुबह आठ बजे तक शिक्षिका विद्यालय नहीं पहुंची तो साथी शिक्षक उनके कमरे पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने कई बार आवाज लगाई। लेकिन, दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद साथी शिक्षिकों ने कमरे की खिड़की से झांककर देखा तो कमरे की छत के कुड़े के सहारे दुप्पटे से शिक्षिका फंदे पर लटकी हुई थी। इसके बाद साथी शिक्षकों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। बाद में क्राइम इंस्पेक्टर बालेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और शिक्षिका के शव को नीचे उतरवाया।

 उन्होंने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्र कराए। घटना की जानकारी के बाद परिवार के लोग भी आ गए। परिजनों ने बताया कि शिक्षिका मीनू पंवार का भाई नितिन पंवार पुलिस विभाग में उपनिरीक्षक है और पिता विजेंद्र सिंह एचसीपी पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। सीओ श्वेताभ भास्कर ने बताया कि घटनास्थल पर लोगों से पूछतात की गई है। मामले की जांच चल रही है। मौत का कारण अभी साफ नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सरकारी कार्यक्रमों का करती थी संचालन
अमरोहा, अमृत विचार: शिक्षिका मीनू पंवार काफी खुश मिजाज थी। उनको कार्यक्रमों का संचालन करना अच्छा लगता था। इसलिए प्रशासन की ओर से जो भी सरकारी कार्यक्रम होते थे, उनमें शिक्षिका मीनू ही संचालन करती थीं। बीते दिनों तिगरी मेले में हुए सरकारी कार्यक्रमों में भी शिक्षिका मीनू ने ही संचालन किया था।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा : मां के संग दवा लेकर लौट रहा युवक लापता, जीआरपी थाने में दी तहरीर

संबंधित समाचार