बरेली: ब्रिटेन की महिला ने केरल के पादरी से की ठगी
बरेली, अमृत विचार। खुद को ब्रिटेन की बताकर एक महिला ने केरल के पादरी के साथ ठगी कर ली। पादरी को फेसबुक पर संदेश भेजकर कहा कि वह उनके उपदेशों से काफी प्रभावित है। वह उन्हें कुछ उपहार व ब्रिटेन की करेंसी भेज रही है। इसके बाद कस्टम ड्यूटी के नाम पर ठगों ने पादरी …
बरेली, अमृत विचार। खुद को ब्रिटेन की बताकर एक महिला ने केरल के पादरी के साथ ठगी कर ली। पादरी को फेसबुक पर संदेश भेजकर कहा कि वह उनके उपदेशों से काफी प्रभावित है। वह उन्हें कुछ उपहार व ब्रिटेन की करेंसी भेज रही है। इसके बाद कस्टम ड्यूटी के नाम पर ठगों ने पादरी से 3.58 लाख रुपये ठग लिए।
छानबीन में पता चला कि जिस खाते में रुपये पड़वाए गए वह बरेली जिले के आंवला तहसील की स्टेट बैंक शाखा का निकला। सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता नचिकेता वाजपेयी ने इस मामले को लेकर एडीजी अविनाश चन्द्र से मुलाकात कर शिकायत की। जिसके बाद एडीजी के आदेश पर आंवला पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
आवास विकास कॉलोनी, सिविल लाइंस निवासी नचिकेता वाजपेयी सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता हैं। उन्होंने एडीजी अविनाश चन्द्र को बताया कि केरल में रहने वाले पादरी जोमन मनलिल के साथ एक महिला ने ठगी कर ली। महिला ने पादरी को फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर बताया कि वह ब्रिटेन में रहती है, उसका नाम रेजीना हेन्डरमन है।
महिला का कहना था कि वह पादरी के उपदेशों से काफी प्रभावित है। इसलिए वह पादरी को कुछ उपहार देना चाहती है। यह कहकर महिला ने पादरी का मोबाइल नंबर व उनकी ईमेल आईडी ले ली।
कुछ दिन बाद पादरी के मोबाइल पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने बताया कि वह दिल्ली एयरपोर्ट के कस्टम विभाग से बात कर रहा है। उनका पार्सल आया है।
इसे लेने के लिए उन्हें 1.37 लाख रुपये कर के रूप में जमा करने होंगे। पादरी ने बताए गए खाते में रुपये जमा करवा दिए। इसी तरह अलग-अलग बहाने बनाकर चार बार में पादरी से कुल 3,56,125 रुपये खाते में जमा करा लिए गए। इसके बाद भी उपहार नहीं पहुंचा तो पादरी को ठगी का एहसास हुआ।
छानबीन करने पर पादरी को पता चला कि जिस खाते में रुपये डाले गए हैं वह बरेली के आंवला तहसील क्षेत्र की स्टेट बैंक शाखा में आकिल नबी के नाम से खुला है।
साथ ही जिस मोबइल नंबर से पादरी से बात की गई थी, वह दिल्ली से खरीदा गया था। चूंकि पादरी केरल से पैरवी नहीं कर पाते लिहाजा उन्होंने दिल्ली के पुष्प विहार निवासी अपने परिचित जयशंकर टीएस को इस बारे में बताया।
जयशंकर टीएस की तरफ से पुलिस को सूचना भेजी गई। जयशंकर के मित्र सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता नचिकेता वाजपेयी इस मामले को लेकर एडीजी अविनाश चन्द्र से मिले और उन्हें पूरी बात बताई। एडीजी के आदेश के बाद आंवला कोतवाली में रेजीना हेन्डरमन, आकिल नबी और मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ धोखाधड़ी, आईटी एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई।
ये उपहार देने का दिया झांसा
ठगी करने वाली ब्रिटेन की महिला की तरफ से पादरी को आईफोन, लैपटॉप, 50 हजार जीबीसी (भारतीय मुद्रा में लगभग 46 लाख रुपये) समेत अन्य उपहार भेजने का संदेश भेजा गया था। इसके साथ ट्रांसपोर्ट से सामान भेजने की फर्जी रसीदें व्हाट्सएप पर भेजी गई थीं।
“किसी महिला ने खुद को ब्रिटेन का बताकर केरल के पादरी के साथ ठगी की है। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस टीम आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।” – रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी
