एकेटीयू के छात्र बने सॉफ्टवेयर इंजीनियर, कई राउंड की चयन प्रक्रिया के बाद  मिली सफलता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार लखनऊ: डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के छात्रों का नियमित रूप से कैंपस प्लेसमेंट बहुराष्ट्रीय कंपनियों में हो रहा है। इसी क्रम में ग्लोबल साफ्टवेयर कंपनी एड्रोसॉनिक कंसल्टिंग प्रा. लि. ने विश्वविद्यालय में कैंपस ड्राइव का आयोजन किया। इसमें करीब तीन सौ से ज्यादा बीटेक सीएस आईटी के छात्रों ने हिस्सा लिया। इस दौरान कई चक्रों की स्क्रीनिंग के बाद अंतिम रूप से 19 छात्र सफल हुए। सफल छात्रों को कंपनी की ओर से ऑफर लेटर दिया गया। चयनित छात्र कंपनी में बतौर सॉफ्टवेयर इंजीनियर और एसोसिएट सॉफ्टवेयर इंजीनियर कार्य करेंगे। ड्राइव में तकनीकी राउंड के दौरान करीब तीन सौ से ज्यादा छात्र शामिल हुए।

जिसमें चयन के बाद ग्रुप डिस्कशन के लिए 130 छात्र पास हुए। वहीं, पर्सनल इंटरव्यू में करीब 40 छात्रों ने हिस्सा लिया। इसमें अंतिम रूप से पांच छात्रों का चयन सॉफ्टवेयर इंजीनियर और 14 का एसोसिएट सॉफ्टवेयर इंजीनियर के पद पर हुआ है। इन छात्रों को क्रमशः छह लाख पच्चीस हजार रुपए और चार लाख अस्सी हजार रूपये कंपनी की ओर से दिया जाएगा। छात्रों को हर स्तर पर परखने के लिए कंपनी के सीईओ मयंक, कोफाउंडर सोनल सहित आठ विशेषज्ञों की टेक्निकल टीम मौजूद रही। सफल छात्रों को कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने बधाई देते हुए कहा कि आगे भी छात्रों के लिए इस तरह के कैंपस प्लेसमेंट का आयोजन होता रहेगा। डीन ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट प्रो. अरूणिमा वर्मा के नेतृत्व में यह ड्राइव की गयी। समन्वय प्रतिभा शुक्ला ने किया।

ये भी पढ़े:- UP मदरसा शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष ने की मदरसों की जांच स्थगित करने की मांग

संबंधित समाचार