रायबरेली: रेल कोच ऑफीसर्स कॉलोनी पहुंचे आईजी, घटनास्थल का किया निरीक्षण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रायबरेली, अमृत विचार। मंगलवार की रात रेल कोच के ऑफिसर्स कॉलोनी के एक बंगले में नेत्र चिकित्सक द्वारा पत्नी और बच्चों की हत्या के बाद खुद जान देने की घटना से लखनऊ का पुलिस मुख्यालय एक्शन में आया। आईजी तरुण गाबा ने घटनास्थल पर पहुंच कर जानकारी ली।

बुधवार सुबह लखनऊ मुख्यालय से आईजी तरुण गाबा आधुनिक रेल कोच कारखाने के आवासीय परिसर स्थित मृतक डॉक्टर अरुण सिंह मौर्य के बंगले पर पहुंचे और अंदर बाहर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया।

निरीक्षण के बाद उन्होंने बताया कि घटनास्थल से जो भी तथ्य और साक्ष्य मिले हैं। उनसे यह प्रतीत होता है कि डॉक्टर अरुण ने पहले अपने दो बच्चों और पत्नी को बेहोश किया और उसके बाद उनके सिर पर वार करके उन्हें मार डाला। बाद में स्वयं भी आत्महत्या कर ली। 

आईजी ने बताया कि डॉक्टर अरुण डिप्रेशन का शिकार और हिंसक प्रवृत्ति का व्यक्ति था। स्टाफ में भी विवाद किया करता था। फिर भी प्रत्येक बिंदु पर छानबीन की जा रही है।अस्पताल में काम करने वाले स्टॉफ और परिजनों से भी पूछताछ कर सभी जानकारी हासिल की जा रही है। डॉ. अरुण के बंगले के अंदर से इन्सुलिन, सिरिंज ,दीमक मार दवा सहित अन्य वस्तुएं भी बरामद हुई है।

डॉक्टर की पत्नी के पिता घटना से हुए बदहवास

बेटी, दामाद और नाती-नातिन की मौत की सूचना पर ग्राम भाव सिंह पुरा उर्फ अतरैला थाना गैपुरा विंध्याचल मिर्जापुर से पहुंचे जयप्रकाश सिंह मौर्य बहुत व्यथित दिखे। इस घटना ने उन्हें हिलाकर रख दिया है। बताया कि उनकी और उनके भतीजे की अर्चना से टेलिफोनिक बातचीत रविवार को रात 9 बजे के करीब हुई थी। गुरुवार को मेरी भतीजी की इंगेजमेंट थी जिसकी सूचना भी रविवार को हम लोगों ने अर्चना को दिया था। आज यहां से सबको जाना था। हम करीब करीब रोज अपनी पुत्री से बात करते थे।

सोमवार को फोन करने के बावजूद बिटिया ने फोन नहीं उठाया। मंगलवार को भी फोन नहीं उठाया। मंगलवार की रात एक बजे डॉक्टर अरुण के मां कलावती का फोन आया और उन्होंने बताया कि पुलिस से सूचना मिली है कि रायबरेली लालगंज में डॉक्टर अरुण के साथ कोई घटना हो गई है और परिवार के लोगों ने सुसाइड कर लिया है।

इस तरह की सूचना पाकर हम लोग भी परेशान हो गए और तुरंत चल दिए। लालगंज सुबह बुधवार पहुंचे तो पुलिस से घटना की जानकारी हुई। जयप्रकाश ने बताया कि वह स्वयं हतप्रभ हैं और उन्हें विश्वास नहीं हो रहा है कि उनकी पुत्री और नाती-नातिन के साथ ऐसी घटना हुई है।

ये भी पढ़ें -हरदोई के शाहाबाद में हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत

संबंधित समाचार