बरेली: सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर 22 वीर सैनिक आश्रितों को किया सम्मानित
बरेली, अमृत विचार। जिले में गुरुवार को सशस्त्र सेना झंडा दिवस पर जिला सैनिक कल्याण और पुनर्वास कार्यालय में वीर सैनिकों के आश्रितों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शांति देवी राघव पत्नी स्व. मेजर रक्षपाल सिंह राघव ने झंडा दिवस निधि में पचास हजार और रघुवंश सिंह राघव ने 51 हजार रुपये की धनराशि का चेक दिया। इस अवसर पर 22 वीर सैनिक आश्रितों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल, जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार, नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स, अपर जिलाधिकारी संतोष बहादुर सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे, नगर मजिस्ट्रेट रेनू सिंह को प्रतीक झंडा लगाकर की गई। जिलाधिकारी ने स्मारिका 2023 का भी अनावरण किया।
जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय के कर्मचारी और 21 यूपी एनसीसी बटालियन के 19 बालिका कैडेट्स ने विभिन्न विभागों और जिले के नागरिकों को झंडा लगाकर सशस्त्र सेना झंडा दिवस की जानकारी दी। कर्नल राघवेंद्र सिंह ने कहा कि हमारी सेना का गौरवशाली इतिहास रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि हमारी सेना केवल युद्ध में ही नहीं बल्कि शांति काल में भी उत्कृष्ट सेवा प्रदान करती है। कार्यक्रम में रवि कुमार मिश्रा, प्रभा कुमारी, पंकज लियाकत, लोकेंद्र कुमार, अमित कुमार राघव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
ये भी पढे़ं- बरेली: रुहेलखंड विश्वविद्यालय में गरजे तमाम कॉलेजों के शिक्षक, जारी परीक्षा कार्यक्रम का जताया विरोध
