हल्द्वानी: भीमताल में दिखा लापता रेंजर, तलाशते पहुंची मुखानी पुलिस
हल्द्वानी, अमृत विचार। तराई केंद्रीय वन प्रभाग रुद्रपुर में तैनात रेंजर हरीश चंद्र पांडे की तलाश में मुखानी पुलिस भीमताल पहुंच चुकी है, लेकिन अभी तक रेंजर का पता नहीं लगा। पुलिस रेंजर से जुड़े हर व्यक्ति से पूछताछ कर उसके बारे में जानकारी जुटा रही है।
ऊंचापुल निवासी भाखड़ा रेंज के रेंजर हरीश चंद्र पांडे को लापता हुए आठ दिन हो चुके हैं। मुखानी पुलिस को रेंजर की आखिरी लोकेशन भीमताल बाजार मिली है। एसओ मुखानी प्रमोद पाठक ने बताया कि कालू साई मंदिर से रेंजर भोटिया पड़ाव पहुंचे। उसके बाद वहां से टैक्सी में बैठकर भीमताल पहुंचे हैं।
भीमताल बाजार और थाने के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों में उनकी तस्वीर भी कैद हुई है। वहीं पुलिस ने भीमताल होटल एसोसिएशन के पदाधिकारियों, जल पुलिस सहित वन कर्मियों व अन्य लोगों के बीच रेंजर को लेकर आगाह कर दिया है। भाखड़ा रेंज में पेड़ कटने का मामला सामने आने के बाद से ही तनाव में रहने की बात सामने आ रही है। इसके चलते मुखानी पुलिस ने सीडीओ सहित अन्य वन अधिकारियों से पूछताछ भी की है।
