लखनऊ: हल्दी रस्म पर हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लगने से युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। कैसरबाग कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत सब्जी मंडी में दोस्त की बहन की शादी के पहले हल्दी रस्म और रतजगा कार्यक्रम में डीजे पर डांस कर रहे आयुष (22) को हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लग गई। गोली बाएं सीने में लगी। साथी उसे सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

आयुष की मौत की पुष्टि होने पर साथी शव छोड़कर भाग निकले। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को सूचना देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता ने अज्ञात पर बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है।

महानगर कोतवाली क्षेत्र के पेपर मिल कॉलोनी निवासी चंद्रकांत खरे का इकलौता बेटा आयुष रविवार रात कैसरबाग सब्जीमंडी निवासी दोस्त गौतम सोनकर की बहन की हल्दी रस्म में गया था। हल्दी की रस्म के बाद रतजगा कार्यक्रम चल रहा था। रात करीब दो बजे आयुष दोस्त गौतम सोनकर, तुषार उर्फ विक्रम के साथ डीजे पर डांस कर रहा था।

तभी अचानक गोली चल गयी। डीसीपी मध्य अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि प्रथम दृष्टया सामने आया है कि डीजे पर डांस के दौरान अवैध असलहे से फायरिंग की गई। सूत्रों के मुताबिक, तुषार ने हर्ष फायरिंग की। वह आपराधिक मानसिकता का है और गांजा की तस्करी करता है। वह कई बार जेल भी जा चुका है। हालांकि पुलिस ने यह साफ नहीं किया कि गोली किसने चलाई। मृतक माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह दो बहनों इति खरे और इला खरे में सबसे छोटा है।

रात को रह-रहकर चल रही थी गोलियां

आयुष ने बीए की एक वर्ष की पढ़ाई करने के बाद कॉलेज छोड़ दिया था। कुछ दिनों से वह प्राइवेट नौकरी करने लगा था। पढ़ाई के दौरान उसकी दोस्ती गौतम से हुई थी। पिता ने बताया कि इकलौता बेटा होने के कारण वह हमेशा बेटे के लिए चिंतित रहते थे। पिता के पूछने पर आयुष ने पिता को बताया कि गौतम की बहन का 15 दिसंबर को शादी है, आज रतजगा का कार्यक्रम है।

चन्द्रकांत खरे ने उसे जाने से मना किया, लेकिन वह नहीं माना। लोगों का कहना है कि गौतम के घर पर देर रात को कई राउंड फायरिंग हुई थी। लोगों का कहना है कि सभी युवक शराब के नशे में थे। डीसीपी मध्य अपर्णा रजत कौशिक का कहना है कि संदिग्धों की तलाश की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-बहराइच में भीषण सड़क हादसा: ट्राली में पीछे से घुसी कार, हेड कांस्टेबल समेत तीन की मौत

संबंधित समाचार