कासगंज: सोरों की कान्हा गोशाला में बीमार गोवंश की मौत, दो की हालत गंभीर
दो गोवंशों की हालत से नाजुक, पशु चिकित्सा विभाग उपचार में लगा
कासगंज, अमृत विचार। तीर्थ नगरी सोरों की कान्हा गोशाला में आधा दर्जन से अधिक गोवंश गंभीर रूप से बीमार है। बीमार गोवंशों में से एक गोवंश की बुधवार को मौत हो गई। दो गोवंशों की हालत गंभीर है। पशु चिकित्सा विभाग बीमार गोवंशों के उपचार में लगा है। व्यवस्थाओं को लेकर सोरों की कान्हा गोशाला पहले भी विवादित रही है।
वैसे तो जिले की शायद ही ऐसी कोई गोशाला हो जहां गोवंशों का संरक्षण बेहतर हो रहा। सभी गोशालाओं में अव्यवस्था का अभाव है। कहीं स्थान की कमी तो कहीं चारे का टोटा तो कहीं गोवंशों के संरक्षण में बड़ी लापरवाही हो रही है। सोरों की कान्हा गोशाला भी इससे अछूती नहीं है। मंगलवार को कान्हा गोशाला में संत कृष्णानंद सरस्वती पहुंचे थे। जहां गोवंशों की दुर्दशा देकर वह इनते भावुक हुए कि उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े। सोरों की गोशाला विवादों के घेरे में रही है।
विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और गोरक्षा विभाग भी सोरों की कान्हा गोशाला पर एक बार नहीं कई बार आक्रोश जता चुके हैं। दशा सुधारे जाने के लिए अधिकारियों को ज्ञापन दिए हैं, लेकिन नतीजा ढाक के तीन पात है। बुधवार को सोरों की कान्हा गोशाला में बीमार गोवंश में से एक की मौत हो गई। हिंदूवादियों ने गोशालाओं में बीमार गोवंशों के उपचार और उनके बेहतर संरक्षण के लिए डीएम से मांग की है।
ये भी पढ़ें- कासगंज: गोली मारकर युवक की हत्या कर देने के दोषी को आजीवन कारावास की सजा
