बहराइच: मंत्री जितिन प्रसाद ने कई परियोजनाओं का किया शिलान्यास और लोकार्पण, कहा- अब प्रदेश में वादे नहीं विकास होता है

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हुजूरपुर/बहराइच, अमृत विचार। जिले के पयागपुर विधान सभा क्षेत्र में गुरुवार को प्रदेश सरकार के लोक निर्माण मंत्री ने 22 परियोजनाओं का शिलान्यास और 14 का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि विकास के दम पर तीन राज्यों में बहुमत की सरकार बनी है। अब सिर्फ विकास होता है, वादा नहीं किया जाता है।

विधानसभा क्षेत्र पयागपुर अन्तर्गत ग्राम पंचायत पूरे जैता पयागपुर में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री लोक निर्माण विभाग जितिन प्रसाद ने जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी, विधायक पयागपुर सुभाष त्रिपाठी, नानपारा के राम निवास वर्मा, सांसद कैसरगंज बृज भूषण शरण सिंह के प्रतिनिधि सुनील सिंह, जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष जितेन्द्र त्रिपाठी, क्षेत्र पंचायत प्रमुख हुजूरपुर अजीत प्रताप सिंह, कैसरगंज के संदीप सिंह, विधायक पयागपुर के प्रतिनिधि निशंक त्रिपाठी व अन्य के साथ योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

लोक निर्माण मंत्री ने विधानसभा क्षेत्र पयागपुर में 2135.95 लाख रुपये की लागत से 34.350 किमी लम्बाई के 14 निर्माण परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 3518.45 लाख रुपये की लागत से 22 निर्माण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। मंत्री लोक निर्माण विभाग जितिन प्रसाद ने अन्य जनप्रतिनिधियों व अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश के चतुर्मुखी विकास हो रहा है।

उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में सड़कों एवं पुलों के निर्माण से उस क्षेत्र का तेज़ी के साथ विकास होता है। उन्होंने कहा कि रू. 80 करोड़ से अधिक लागत की परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास से विधानसभा क्षेत्र पयागपुर का विकास होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीति है कि सभी क्षेत्रों का समानुपातिक आधार पर विकास किया जाय ताकि प्रदेश का कोई भी क्षेत्र अविकसित की श्रेणी में रहने पाये। मंत्री ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री के नेतृत्व में विकास के लिए धन की कमी आड़े नहीं आयेगी। 

लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि आपके जनपद में आने से पूर्व ही मैं पयागपुर-शिवदहा मार्ग के सुदृढ़ीकरण कार्य की स्वीकृति के साथ बजट भी आवंटित करके आया हूॅ। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास होगा कि यह कार्य 15 जनवरी 2024 तक पूरा हो जाय। उन्होंने कहा कि कुण्डासर-हुज़ूरपुर मार्ग के सर्वें एवं आगणन हेतु विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये गये हैं। मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को आहवान किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता को विशेष महत्व दिया जाय।

मानकविहीन कार्यों के लिए दोषी अधिकारियों के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए विधायक पयागपुर ने कहा कि मार्गों का निर्माण होने से क्षेत्र का तेज़ी के साथ विकास होगा। कार्यक्रम के अन्त में मुख्य अभियन्ता देवीपाटन मण्डल गोण्डा राधेश्याम शर्मा ने आभार ज्ञापित किया। इस अवसर पर अधीक्षण अभियन्ता अवधेश शरण चौरसिया, अधि.अभि. लो.नि.वि. प्रा.ख. प्रदीप कुमार, निर्माण खण्ड-1 के अमर सिंह, उप जिलाधिकारी कैसरगंज पंकज दीक्षित, नवागंतुक पुलिस क्षेत्राधिकारी जयदीप गौड़ के साथ अन्य अधिकारी, क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।

यह होंगे कार्य

शिपन्यास और लोकार्पण के बाद मंत्री जितिन प्रसाद ने शिलालेखों का अनावरण कर रू. 2135.95 लाख लागत से 34.350 किलोमीटर लम्बाई के 14 निर्माण व मरम्मत कार्यों का लोकार्पण तथा 2485.61 लाख रुपए की लागत से अन्तर जिला मार्ग योजना के तहत चैनेज़ 0.00 किमी से 10.000 किमी के चौडीकरण एंव सुदृढ़ीकरण तथा  1032.84 लाख लागत की 31.905 किमी लम्बाई की 21 परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

ये भी पढ़ें -बहराइच के युवक की पंजाब में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, फैक्ट्री में करता था काम

संबंधित समाचार