बरेली: जल जीवन मिशन की समस्याएं तमाम, सिर्फ पोर्टल पर कर दिया समाधान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आईजीआरएस पर निस्तारित शिकायतों का दावा और हकीकत---

बरेली, अमृत विचार। जल जीवन मिशन से जुड़ी योजनाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए देश में बरेली जिले को तीसरा स्थान मिला है लेकिन हकीकत कुछ और है। मुख्यमंत्री पोर्टल पर लोगों की शिकायतों की भरमार है और इनके निस्तारण से भी लोग असंतुष्ट हैं। जब शिकायतकर्ताओं से फोन पर संपर्क किया तो उन्होंने जल निगम ग्रामीण के अफसरों की पोल खोल दी। किसी ने बार-बार शिकायत पर भी सुनवाई न होने पर खुद के खर्चे पर पानी लीकेज की समस्या का निदान कराने की बात कही तो किसी ने यहां पाइप लाइन डालने के बाद महीनों से सड़क उखड़े की जानकारी दी। आईजीआरएस पोर्टल पर कई समस्याओं का फर्जी निस्तारण किया गया।

बिथरी चैनपुर ब्लॉक के सहूआ निवासी स्वतंत्र कुमार ने 19 सितंबर को पाइप लाइन डालने के आठ महीने बाद सीसी रोड खुदी पड़ी होने की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर की थी। उनका कहना है कि दो बार पोर्टल के अलावा कई बार जिम्मेदारों से मिलकर और फोन पर शिकायत कर चुके हैं लेकिन स्थिति अब भी जस की तस बनी है।

गांव सारीपुर के शेखर सिंह ने 9 अक्टूबर को पेयजल कनेक्शन देने के लिए खोदी गई सड़क से बड़ा गड्ढा होने की शिकायत मुख्यमंत्री के पोर्टल पर कराई थी। ऑनलाइन शिकायत जल निगम ग्रामीण विभाग के पास भेजी गई। दो महीने बीत चुके हैं लेकिन समस्या का निस्तारण नहीं किया गया।

राजवीर शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री पोर्टल पर 11 नवंबर को मोहनपुर गांव में पेयजल से जुड़ी शिकायत निस्तारित दिखाई गई है। जल निगम से किसी का फोन आया था तो उनको जानकारी दी, पर पाइप लाइन लीकेज ठीक करने की जगह निस्तारण दिखा दिया गया। जबकि निजी खर्च पर पाइप लाइन का लीकेज ठीक कराया था।

मोहनपुर गांव के प्रभूदयाल बताते हैं 15 अक्टूबर को उन्होंने मुख्यमंत्री के पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई कि कनेक्शन करने के बाद गली में आधे घरों में पानी पहुंच रहा है। दिवाली के बाद जल निगम से पहुंची टीम ने घर में टंकी से पानी का कनेक्शन दे दिया, लेकिन पानी अब तक नसीब नहीं हुआ जबकि शिकायत का फर्जी तरीके से निस्तारण होना दर्शा दिया गया।

पाइप लाइन जगह-जगह से लीकेज हो रही है। 30 अक्टूबर को सिमरा बोरीपुर के अभिषेक ने काफी समय बाद भी समस्या का निदान होने पर मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। पाइप लाइन का लीकेज ठीक करने को कई बार इंजीनियर सुखवीर से संपर्क किया। पिछले महीने शिकायत निस्तारित होना दिखाकर आख्या भेज दी पर हुआ कुछ नहीं है।

ये भी पढ़ें- बरेली: ट्रक की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत, परिवार में मचा कोहराम

संबंधित समाचार