हरदोई: 15 फीट गहरी खाई में गिरी बाइक, सिंघाड़ा व्यापारी की मौत
टड़ियावां/हरदोई। सिंघाड़े का व्यापार करने वाला व्यापारी बाइक से जा रहा था, उसी बीच रास्ते में अचानक बेकाबू हुई उसकी बाइक 15 फीट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे उसकी वहीं पर मौत हो गई। इसका पता होते ही वहां पहुंची पुलिस ने गांव वालों की मदद से किसी तरह शव को खाईं से बाहर निकाला। हादसे की जांच की जा रही है।
बताया गया है कि कोतवाली देहात के इटौली गांव निवासी 23 वर्षीय आकाश कश्यप पुत्र रामबली कश्यप सिंघाड़े का व्यापार करता था। उसने टड़ियावां थाने के कोड़रा मजरा गौराडांडा के तालाब में सिंघाड़े की बेल डाल रखी थी। शुक्रवार की शाम को आकाश बाइक से कोड़रा जा रहा था। उसी बीच रास्ते में कोड़रा मोड़ पर पहुंचते ही उसकी बाइक बेकाबू हो कर सड़क के किनारे करीब 15 फीट गहरी खाई में जा गिरी, बाइक के साथ ही खाई में गिरने से आकाश कश्यप की वहीं मौत हो गई।
इसका पता होते ही वहां आस-पड़ोस के लोग इकट्ठा हो गए। वहां पहुंची पुलिस ने गांव वालों की मदद से शव को खाईं से बाहर निकाला। आकाश कश्यप अपने दो भाइयों में सबसे होनहार था। इस बारे में एसएचओ टड़ियावां अशोक कुमार सिंह ने बताया कि शव को बरामद कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। हादसे की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: रायबरेली: पुलिसकर्मी को युवक ने चौराहे पर दौड़ाकर पीटा, केस दर्ज, भेजा जेल
