मुरादाबाद : बढ़ी ठंड, जिले में 69 स्थानों पर जलेगा अलाव, जगह चिह्नित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महानगर में दलपतपुर, कोहिनूर तिराहा, रेलवे स्टेशन रोड, डबल फाटक, एमआईटी के पास अलाव जलवाया जाएगा, ठाकुरद्वारा, बिलारी व कांठ तहसील के अन्तर्गत भी प्रशासन ने किया प्रबंध

मुरादाबाद, अमृत विचार। तापमान कम होने से ठंड बढ़ गई है। लोग शाम और रात में ठिठुरने को विवश हैं। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 6 और अधिकतम 22 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में कभी धूप तो कभी हल्के बादल छाए रहे। शाम ढलते ही गलन बढ़ गई। रात में तापमान 6 डिग्री पहुंचने पर लोग ठिठुर गए। वहीं निराश्रितों व असहायों को खुले में रात न बितानी पड़े इसके लिए प्रशासन ने अलाव जलवाने के लिए जिले में 69 स्थान चिह्नित किए हैं। जिसमें 16 महानगर व आसपास के जगह हैं।

शुक्रवार की सुबह ठंड अधिक रही। हालांकि धूप निकलने से राहत मिली। मगर शाम ढलते ही फिर गलन बढ़ने लगी। लोग गर्म कपड़ों में पूरे दिन दिखे। मौसम वैज्ञानिक डॉ.आरके सिंह का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी। क्योंकि पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में गलन बढ़ेगी। अगले दो चार दिन में कहीं छिटपुट बारिश हो सकती है। आमतौर पर मौसम साफ रहेगा।

बढ़ रही ठंड को देखते हुए जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण ने जिले में 69 जगहों पर अलाव जलवाने के लिए जगह चिह्नित की है। जिसमें महानगर में दलपतपुर, कोहिनूर तिराहा, रेलवे स्टेशन रोड, डबल फाटक, एमआईटी आदि जगह चिह्नित है। बाकी जगह ठाकुरद्वारा, बिलारी, कांठ तहसील क्षेत्र के अन्तर्गत है।

जिला आपदा प्रबंध प्राधिकरण की आपदा विशेषज्ञ रवि ज्योति ने बताया कि 69 स्थान पर अलाव जलेगा। ठंड से निराश्रितों, गरीबों, असहायों को सुरक्षित रखने के लिए रैन बसेरे संचालित हो रहे हैं। वहां रजाई, गद्दा, कंबल, पेयजल, शौचालय आदि का प्रबंध किया गया है।

ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : जनपद की लगभग 1,980 कृषि सखियां उड़ाएंगी ड्रोन

संबंधित समाचार