लखनऊ: सांवले दूल्हे की अंगुलियां टेढ़ी देख भड़की दुल्हन, लौटाई बारात, बोला दूल्हा- पहले ही मना कर देते

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। शादी के मंडप में फेरे लेने पहुंची दुल्हन ने दूल्हे को सांवला और अंगुलियां टेढ़ी देख शादी से इंकार कर दिया। काफी देर दूल्हा व दुल्हन पक्ष के लोगों में कहा सुनी होती रही। मामला बढ़कर थाने तक पहुंच गया। जहां पर शादी के लिये लोगों ने दबाव बनाया तो दुल्हन ने जबरन शादी करने पर जहर खाकर जान देने की धमकी दे डाली। इससे सहमे बाराती बिना दुल्हन के बैरंग लौट गये।

बाराबंकी के सूरतगंज इलाके में रहने वाले युवक की शादी यहीं के रामनगर थाना क्षेत्र निवासी युवती के संग तय हुयी थी। 14 दिसंबर को शादी चिनहट थाना क्षेत्र के देव मंदिर के समीप होनी तय थी। गुरुवार रात दूल्हा, परिजनों, दोस्तों और रिश्तेदारों के संग बारात लेकर शादी स्थल पर चिनहट पहुंचा। 

युवती के परिजन ने दूल्हा पक्ष का गले मिलकर स्वागत किया। नाश्ता व खाना होने के बाद विवि विधान से शादी करने के लिये पंडित जी ने मंत्रोचार के संग पूजा-अर्चना शुरू की। भांवरों के लिए दूल्हा- दुल्हन को बुलाया गया। सहेलियों के संग शादी के मंडप में पहुंची दुल्हन की झुकी हुयी नजरें दूल्हे के हाथों तक पहुंचीं तो चेहरे के भाव बदल गये। 

एकाएक दूल्हे पर नजर डालने के बाद मंडप से चली गयी। दुल्हन के इस बर्ताव से हर कोई अचंभित दिखा। दुल्हन ने दूल्हे को सांवला और अंगुलियां टेढ़ी होने की बात कहते हुये शादी से इनकार कर दिया। चिनहट थाना प्रभारी आलोक राव ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर मिली है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

भड़के बारातियों ने किया हंगामा
दुल्हन के शादी से मुकरने की बात पता चलते ही दूल्हे के परिजन भड़क उठे। इससे दोनों पक्षों में कहा सुनी शुरू हो गयी। बड़े बुजुर्गों के काफी देर चर्चा करने के बाद भी बात नहीं बनी। इसके चलते करीब दो घंटे दोनों पक्षाें के बीच हंगामा चलता रहा। इसके बाद मामला थाने पहुंचा। जहां दोनों पक्षों के बयान दर्ज किये गये। दुल्हन से शादी से इंकार करने की वजह पूछी गयी तो उसने बताया कि लड़के के दांये हाथ की तीन अंगुलियां टेढ़ी हैं। इसके साथ ही उसका रंग सांवला है। इसी लिये उसने शादी से इंकार किया है।

लड़का पसंद नहीं...दुल्हन मारती रही रट्टा

मामला थाने पहुंचा। जहां दूल्हा के अलावा दुल्हन को भी बुलाया गया। यहां पर युवती लड़का पसंद नहीं है। इसकी अंगुलियाें में दिक्कत है। इसके संग जीवन भर रहना संभव नहीं। कहा यदि जबरन शादी की गयी तो जहर खाकर जान दे देगी। युवती की इस धमकी से दूल्हे का परिवार डर गया। उसने बिना दुल्हन के बारात ले जाने में ही भलाई समझी।

दूल्हा बोला- पहले ही मना कर देते

दूल्हे ने बताया तीन महीने पहले शादी तय हुयी थी। लडक़ी उसे देख चुकी थी। उसका भाई भी कई बार मिला। बताया कि दो माह पहले कार ने बाइक को टक्कर मार दी थी। इससे उसके दायें हाथ की तीन अंगुलियां सीधी नहीं हो रही हैं। इलाज चल रहा है। यदि शादी नहीं करनी थी तो बारात आने से पहले इंकार कर देना था। कहा कि काफी रुपये खर्च हो गये।

यह भी पढ़ें:-अखिलेश यादव बोले-भाजपा सरकार की गलत नीतियों से किसान बेहाल

संबंधित समाचार