बरेली: डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का ठेका देने को अफसर ने मांगे चार लाख
नहीं बनी बात तो टेंडर रद्द, अब फिर से होगा
बरेली, अमृत विचार। शहर में डोर टू डोर कूड़ा उठाने का ठेका फिर से होगा। ठेकेदारों ने एक अफसर पर चार लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। आरोप है कि अफसर ने ठेके से पहले दो लाख रुपये की मांग की। ठेकेदार ने बातचीत की रिकार्डिंग होने का दावा किया है। इसकी वजह से अब टेंडर रद्द कर दिया गया और फिर से टेंडर किया जाएगा। वहीं ठेकेदार शासन में भी शिकायत की बात कह रहे हैं।
डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए कई महीनों से टेंडर कॉल किए जा रहे हैं। पहले तो किसी कंपनी ने यहां काम करने की इच्छा नहीं जताई लेकिन पिछले महीने हरियाणा सहित कुछ बाहरी कंपनियों ने बरेली में काम करने की इच्छा जताई। इस पर टेंडर खोले गये। जानकारी के मुताबिक एक कंपनी तकनीकी बिड में ही क्वालीफाई नहीं कर पा रही है लेकिन अफसर का उसके प्रति झुकाव है और इसीलिए स्वास्थ्य विभाग के एक डॉक्टर पर दबाव डालकर टेंडरों को री-टेंडर करवा दिया है। टेंडर रद्द करने के बाद अब निगम के एक अफसर पर टेंडर पास करने के बदले में चार लाख रुपये की मांग करने का ऑडियो सामने आने की बात कही जा रही है।
क्या सूखे-सूखे ही ले लेगा टेंडर
सपा पार्षद राजेश अग्रवाल ने कहा कि निगम के अफसर ने दो जोन के टेंडर के लिए ठेकेदार से कहा है कि वह सूखे-सूखे ही टेंडर ले लेगा। एक जोन के लिए चार लाख रुपये की मांग करने का दावा किया जा रहा है। इसके लिए एडवांस में दो लाख रुपये देने की बात सामने आ रही है। ठेकेदार और अफसर के बीच पैसे के लेनदेन की वार्ता की रिकार्डिंग भी हो गई है। ठेकेदार शासन में जाकर शिकायत करेंगे।
नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स से बात की तो उन्होंने बताया कि इस तरह का मामला सामने आने पर जांच कराएंगे और अफसर के खिलाफ कार्रवाई भी कराएंगे।
ये भी पढे़ं- बरेली: उत्तराखंड से आ रहे ओवरलोड डंपरों से सप्ताह भर में तीन हादसे
