पीलीभीत: बिना बारिश तालाब बना अंडरपास, राहगीरों की आफत...बाइक समेत गिरा फेरीवाला
पीलीभीत/पूरनपुर, अमृत विचार। रेलवे लाइन के दोनों और आवागमन के लिए बनाए गए अंडरपास ग्रामीणों के लिए मुसीबत बने हुए हैं। अंडरपास में कई फीट तक पानी भरा हुआ है। धर्मापुर के अंडर पास में गिरकर एक फेरीवाला गंभीर रूप से घायल भी हो गया। राहगीरों ने उसे बाहर निकाला। पहले भी इस अंडरपास में गिरकर कई लोग घायल हो चुके हैं।
पीलीभीत मैलानी रेल प्रखंड पर ब्रॉडगेज लाइन बिछाने के दौरान कई रेलवे क्रॉसिंग खत्म किए गए। आवागमन के लिए उनके स्थान पर अंडरपास बनाए गए हैं। राहगीरों की सुगमता के लिए बने ये अंडरपास मुसीबत साबित होने लगे हैं। कई फीट तक जलभराव से आए दिन हादसे होते हैं।
रविवार को शेरपुर कलां के मोहल्ला नवदिया निवासी ताज मोहम्मद पुत्र हसनैनतुल्लाह बाइक से कपड़े की फेरी करने जा रहे थे। दूधिया खुर्द से धर्मापुर जाते समय वह रेलवे अंडरपास से गुजर रहे थे। अचानक कपड़े लदी बाइक समेत ताज मोहम्मद अंडरपास के गड्ढे में गिर गए। उनके पीछे आ रहे बाइक सवार दंपति भी नियंत्रण खो बैठे और वह भी गिरकर घायल हो गए।
राहगीरों ने बमुश्किल ताज मोहम्मद और दंपति को पानी भरे अंडरपास से बाहर निकाला। ताज मोहम्मद घायल हो गए। परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया। स्थानीय लोगों ने बताया कि धर्मापुर का अंडरपास बनने के बाद से परेशानी हो रही है। इसमें करीब चार फीट पानी भरा रहता है, आए दिन हादसे होते हैं।
