बरेली: इसी सप्ताह कुर्मांचलनगर और महानगर में पड़ना शुरू हो जाएगा प्रशासन का फीता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नहर की जमीन पर अवैध कब्जा किए जाने के मामले में पैमाइश और चिह्नांकन के लिए राजस्व विभाग की छह सदस्यीय टीम गठित

बरेली, अमृत विचार। शहर की दो प्रमुख कॉलोनी कुर्मांचलनगर और महानगर में दबाई गई रुहेलखंड नहर खंड की 2746.78 वर्ग मीटर जमीन को कब्जामुक्त कराने की तैयारी तेज हो गई है। सोमवार को इस जमीन की पैमाइश कर उसे चिह्नांकित करने के लिए राजस्व विभाग की भी छह सदस्यीय टीम बना दी गई। चिह्नांकन के बाद ही यह भी साफ होगा कि कब्जाई गई जमीन पर कितने मकान बने हैं और प्रशासन उन पर कैसे कब्जा लेगा। फिलहाल प्रशासन की कार्रवाई आगे बढ़ने के साथ उससे प्रभावित होने से आशंकित लोगों में भी खलबली तेज होती जा रही है।

एसडीएम सदर रत्निका श्रीवास्तव ने सोमवार को गांव परतापुर जीवन सहाय के गाटा नंबर 96, धौरेरा माफी के गाटा नंबर 450 और बिहारमान नगला के गाटा नंबर 924 की जमीन की पैमाइश के लिए नायब तहसीलदार विदित कुमार के नेतृत्व में छह सदस्यीय टीम गठित कर दी। यह टीम रुहेलखंड नहर खंड की तीन सदस्यीय टीम के साथ कूर्मांचल नगर और महानगर कॉलोनी में कब्जाई जमीन की पैमाइश करेगी। टीम के गठन के बाद यह माना जा रहा है कि एक-दो दिन में ही दोनों कॉलोनियों के साथ बिहारमान नगला क्षेत्र में फीता पड़ना शुरू हो जाएगा। इसी दौरान यह भी कब्जाई गई नहर भूमि पर कितने मकान बने हैं या प्लॉट बेचे गए हैं। इससे दोनों कॉलोनियों में रहने वाले लाेगों में खलबली मची हुई है।

बता दें कि रुहेलखंड नहर खंड की भूमि पर अवैध कब्जा करने के तीन मामलों की सुनवाई 2021 और 2023 में सिटी मजिस्ट्रेट की अदालत में हुई थी। इस साल जुलाई तक एक-एक करके सुनाए गए तीनों फैसलों में बिल्डरों को कब्जाई गई भूमि से बेदखल कर उनसे क्षतिपूर्ति और किराए के रूप में करीब एक करोड़ की वसूली का आदेश दिया गया था। महानगर कॉलोनी (धौरेरा माफी) में करीब 122 वर्ग मीटर भूमि पर कब्जा है। बिहारमान नगला में खसरा नंबर 924 के क्षेत्रफल 1096.20 वर्ग मीटर भूमि पर कब्जा है। इससे बिल्डर अरविंदर सिंह बग्गा को बेदखल करने का आदेश दिया गया था। कुर्मांचलनगर (परतापुर सहाय) में करीब 1528.66 वर्ग मीटर भूमि पर कब्जा किया गया था।

ये है राजस्व विभाग की छह सदस्यीय टीम
एसडीएम सदर ने नायब तहसीलदार रिठौरा विदित कुमार के नेतृत्व में राजस्व निरीक्षक रिठौरा राजपाल गंगवार, राजस्व निरीक्षक नवादा जोगियान प्रमोद कुमार, लेखपाल बिलाल, विपिन पटेल और नरेश गंगवार को शामिल किया है। टीम को निर्देश दिए गए हैं कि सिंचाई विभाग की टीम के साथ संयुक्त रूप से स्थलीय एवं अभिलेखीय जांच कर अपनी स्पष्ट संस्तुति सहित रिपोर्ट दे।

सिंचाई विभाग पहले ही बना चुकी है टीम
रुहेलखंड नहर खंड के एई वैभव बाजपेयी ने छह दिसंबर को एसडीएम सदर को भेजे पत्र के साथ सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट के तीन आदेशों की प्रतियां संलग्न की थीं। एसडीएम सदर से गाटा नंबरों को चिह्नित करने का आग्रह किया था। यह भी बताया था कि रुहेलखंड नहर खंड की ओर से सिंचाई विभाग की टीम बना दी गई है। इस टीम में जिलेदार अतिक्रमण सईद अब्बास जैदी, सींच पर्यवेक्षक कल्लू राम और सींच पर्यवेक्षक छोटे को नामित किया गया है।

जगतपुर, नवादा शेखान, हरूनगला में भी तालाबों-चकरोडों पर कब्जे, कमिश्नर ने शुरू कराई जांच
बरेली, अमृत विचार: कमिश्नर सौम्या अग्रवाल ने भूमाफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर के आदेश पर सीडीओ जग प्रवेश ने कब्जों के मामलों की जांच शुरू कर दी है। कमिश्नर ने पीलीभीत बाईपास पर गांव जगतपुर लाल बेगम, नवादा शेखान के अलावा बीसलपुर रोड पर हरुनगला के चकरोड, तालाबों और अर्बन सीलिंग की भूमि पर अवैध कब्जा कर प्लॉटिंग करने और उन पर मकान बनाने की शिकायत पर जांच के आदेश दिए हैं। जांच में अवैध कब्जा कर कॉलोनी बनाए जाने की पुष्टि हुई है। गाटा नंबरों की अभिलेखीय जांच के बाद मौके पर स्थिति देखी जा रही है। चकरोड, तालाब और अर्बन सीलिंग की जमीन पर बिल्डरों के अवैध कब्जाें की पुष्टि होने पर विरुद्ध एफआईआर भी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है।

21 गाटा नंबरों जमीन पर कब्जे में कई बिल्डरों के नाम आए सामने
बरेली: सीडीओ के निर्देश पर तहसील सदर के नायब तहसीलदार विदित कुमार और क्षेत्रीय लेखपाल के साथ जगतपुर लाल बेगम क्षेत्र के चकरोड के गाटा नंबर 353/0.079, 342/0.225, 348/0.076 , नगर सीलिंग भूमि के गाटा नंबर 367/0.196, 351/0.047 350/0.444 और नवादा शेखान में चकरोड गाटा नंबर 438/0.126, 134/0.201, खाई- 136, 137, 138 और हरुनगला क्षेत्र में तालाब गाटा नंबर 792, 600, चकरोड गाटा नंबर 788, 789, 610, 712, 725, 700, 679 व 779 की जमीन की भी जांच कर रहे हैं। बताया गया है कि इन जमीनों पर प्लॉटिंग कर मकान बनवाने के मामले में कई बिल्डरों की भूमिका स्पष्ट हुई है।

ये भी पढ़ें- 

संबंधित समाचार