बरेली: ट्रेन से बचने को लगाई दौड़ फिर भी नहीं बची छात्र की जान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बड़े भाई और दोस्त के सामने ट्रेन से कटा छात्र

आंवला, अमृत विचार। रेलवे लाइन किनारे भाई और दोस्त के साथ लकड़ियां लेने गए कक्षा छह के छात्र की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। छात्र रेलवे पुल पर चला गया था, इसी दौरान ट्रेन आ गई। उसने बचने के लिए पुल पर कई मीटर तक दौड़ भी लगाई लेकिन जान नहीं बच सकी। उसका भाई और दोस्त हादसे को देखते रह गए और वह चाहकर भी उसे बचा नहीं सके।

भीमपुर उर्फ अख्तर नगर निवासी प्रधान श्रीपाल सिंह लोधी ने बताया कि गांव के वीरपाल सिंह का बेटा गुरुवचन (11) बड़े भाई विवेक और गांव के ही दोस्त अभिषेक के साथ रेलवे लाइन किनारे लकड़ियां लेने गया था। दोपहर करीब 3:20 बजे बरेली की ओर से पूर्णागिरि जनशताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन आ गई। विवेक और अभिषेक पटरी से नीचे थे, जबकि गुरुवचन पुल के ऊपर था। ट्रेन देखकर उसने खुद को बचाने के लिए प्रयास किया। पुल पर बचने की जगह न होने के कारण उसने पटरी पर दौड़ लगानी शुरू कर दी। फुलासी रेलवे फाटक और निसोई रेलवे स्टेशन के मध्य गेट संख्या नौ बी के समीप दौड़ते हुए वह ट्रेन के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। सूचना पर परिजनों के साथ पहुंचे ग्रामीण शव लेकर गांव पहुंच गए। ट्रेन के लोको पायलट ने घटना की सूचना आंवला स्टेशन अधीक्षक को दी।

उन्होंने आरपीएफ और आंवला पुलिस को बताया। रेलवे और आंवला पुलिस गांव पहुंची और शव का पोस्टमार्टम कराने को कहने लगी। परिजनों के साथ ग्रामीण पोस्टमार्टम कराने से इन्कार करने लगे। पुलिस के काफी समझाने के बाद देर शाम परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। बच्चे के पिता वीरपाल ने बताया कि गुरुवचन गांव के ही उच्च प्राथमिक विद्यालय में कक्षा 6 में पढ़ता था। उसकी मां की बचपन में ही मौत हो चुकी है। वह छह बहन -भाइयों में सबसे छोटा था।

फुलासी रेलवे फाटक और निसोई रेलवे स्टेशन के मध्य गेट संख्या नौ बी के पास ट्रेन संख्या 12035 से घटना हुई है। लोको पायलट ने सूचना दी और उन्होंने आंवला पुलिस व रेलवे पुलिस को घटना के बारे में बताया। -नीरज कुमार रेलवे स्टेशन अधीक्षक आंवला

परिजन पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर रहे थे। उन्हें समझाकर देर शाम पंचायतनामा भरकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। -राजकुमार शर्मा, इंस्पेक्टर आंवला

ये भी पढ़ें- बरेली: रिक्शा चालक ने बच्चे से किया कुकर्म, लोगों ने की पिटाई, वीडियो वायरल

संबंधित समाचार