बरेली: ठंड की मार... रोज दो लाख अंडे खा रहे शहरवासी
खपत बढ़ने के साथ दम में भी इजाफा, अंडे की पेटी के रेट 900 से बढ़कर 1300 रुपये हुए
शिवांग पांडेय/बरेली, अमृत विचार। ठंड में अंडे की खपत बढ़ने के साथ दाम में भी इजाफा हुआ है। शहर में रोजाना दो लाख अंडों की खपत हो रही है। प्रति अंडा 6.40 रुपये में बिक रहा है। अंडे के होलसेल के व्यापारियों के अनुसार पांच साल में पहली बार अंडे के दामों में इतनी वृद्धि हुई है। नवंबर में प्रति अंडा साढ़े पांच रुपये के हिसाब से बिका था। प्रति अंडे पर करीब दो रुपये बढ़े हैं। सामान्य दिनों में एक पेटी 900 से 1100 रुपये में बिकती थी। पेटी में करीब 210 अंडे होते हैं। इस समय एक पेटी के दाम 1300 रुपये हैं। हैदराबादी, बटेर, देसी, लाल समेत कई अंडों की बैरायटी बाजार में उपलब्ध है।
शहामतगंज अंडों की सबसे बड़ी बाजार है। यहां के दुकानदार सलीम ने बताया कि बाजार में लंबे समय बाद अंडों के दामों में वृद्धि हुई है। अभी तक 190 रुपये क्रेट के हिसाब से अंडों की बिक्री नहीं की थी। यहीं के व्यापारी रोहित ने बताया कि रिटेल में प्रति अंडा सात रुपये में बिक रहा है। होलसेल में अंडा 6.40 रुपये में मिल रहा है। हैदराबादी अंडे की क्रेट 230 में बिक रही है। बरेली में रोजाना पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड से ट्रक के जरिये अंडों की सप्लाई हो रही है। स्थानीय स्तर पर 20 हजार अंडों का उत्पादन किया जा रहा है, जो जिले की आपूर्ति को पूरा नहीं कर पा रहे हैं।
बटेर के अंडे: 75 रुपये 12 अंडे की क्रेट उपलब्ध
दुकानदार आसिफ ने बताया कि ठंड में देसी अंडों के साथ बटेर के अंडों की मांग भी बढ़ जाती है। बाजार में स्थानीय फार्मरों की ओर से बटेर के अंडे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बताया कि 75 रुपये के12 अंडों की क्रेट बिक्री के लिए रखी गई है।
ठंड में आमलेट के साथ एग रोल भी लोग पसंद कर रहे
सिविल लाइंस में कारोबारी सुमन ने बताया कि ठंड के साथ अंडे की बिक्री भी बढ़ गई है। घरों के साथ होटलों में भी अंडे की मांग अधिक हो रही है। ठंड में लोग आमलेट, पाउच, एगरोल, एग बर्गर आदि काफी पसंद कर रहे हैं।
एक अंडे के सेवन से मिलती है 77 कैलोरी
केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक डा. जयदीप रोकड़े के अनुसार बताया कि एक उबले हुए अंडे के सेवन से 77 कैलोरी ऊर्जा मिल सकती है। अंडे में 0.6 ग्राम कार्बोहाइड्रेट, 5.3 ग्राम वसा, 1.6 ग्राम सैचुरेटेड, दो ग्राम मोनोसैचुरेटेड फैट, 212 मिलीग्राम कोलेस्ट्रॉल, 6.3 ग्राम प्रोटीन, 6 प्रतिशत विटामिन ए, 15 प्रतिशत विटामिन बी 2, नौ प्रतिशत विटामिन बी 12, 7 प्रतिशत विटामिन बी 5, 86 मिलीग्राम फॉस्फोरस और 22 प्रतिशत सेलेनियम पाया जाता है। सर्दी में शरीर का अंदरूनी तापमान घट जाता है, जिसे बढ़ाने के लिए शरीर को अतिरिक्त ऊर्जा की जरूरत होती है,अंडा इस कमी की भरपाई जल्दी करता है।
सीएआरआई में 100 किलो अंडे की हुई बिक्री
केंद्रीय पक्षी अनुसंधान संस्थान में अंडे के लिए सुबह 10 बजे से ही परिसर में लाइन लग रही है। भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए 11 बजे से बिक्री के लिए काउंटर खोला जा रहा है। घंटे भर में ही करीब 90-120 किलो तक अंडों की बिक्री हो रही है। सोमवार को संस्थान में 100 किलो अंडे की बिक्री की गई है। संस्थान प्रबंधन के अनुसार एक किलो अंडे में 18-20 अंडे आते है।
ये भी पढ़ें- बरेली: रिक्शा चालक ने बच्चे से किया कुकर्म, लोगों ने की पिटाई, वीडियो वायरल
