Unnao News: रंगदारी न देने पर बदमाश ने बैटरी दुकानदार पर झोंका फायर, घटना CCTV में कैद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में रंगदारी न देने पर बदमाश ने बैटरी दुकानदार पर झोंका फायर।

उन्नाव में रंगदारी न देने पर बदमाश ने बैटरी दुकानदार पर झोंका फायर। सारी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव की सदर कोतवाली क्षेत्र के गांधी नगर तिराहे के पास बैटरी दुकानदार से रंगदारी न मिलने पर युवक ने उस पर फायर झोंक दिया। दुकानदार ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचायी। घटना के बाद आरोपी देख लेने की धमकी देते हुये वहां से भाग गया।

इस दौरान पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच की है। पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ  मुकदमा दर्ज किया है। 

बता दें कि अस्पताल चौकी क्षेत्र निवासी भरत सिंह पुत्र स्व श्याम बिहारी की गांधी नगर तिराहे के पास बैटरी की दुकान है। रोज की तरह बीती रात वह दुकान पर मौजूद ग्राहकों को बैटरी दिखा रहे थे। इसी दौरान स्थानीय निवासी धर्मपाल उनकी दुकान पहुंचा और उसने रंगदारी की मांग की।  दुकानदार ने जब रंगदारी देने से इनकार किया तो उसने जबरन दो हजार रुपए छीन लिये और असलहा से उन पर फायर झोंक दी।

घटना के बाद भारत सिंह ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचायी। इसके बाद आरोपी धर्मपाल उन्हें पैसा ना देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया।

पीड़ित दुकानदार किसी तरह सदर कोतवाली पहुंचा और उसने घटना की जानकारी पुलिस को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुये पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच की। पुलिस ने  सीसीटीवी में कैद हुई घटना की जांच की। इंस्पेक्टर कोतवाली प्रमोद कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होगा।

ये भी पढ़ें- Fatehpur से Kanpur आ रही मालगाड़ी के तीन डिब्बे पटरी से उतरे, रेलवे प्रशासन में मचा हड़कंप

संबंधित समाचार