Kanpur News: लाचार सरकारी सिस्टम ने ली एक और जान... सांड ने कई बार उठाकर पटका, इलाज के दौरान वृद्ध की हुई मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में लाचार सरकारी सिस्टम ने ली एक और जान।

लाचार सरकारी सिस्टम ने एक और जान ले ली। रेलबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत मीरपुर छावनी में 62 वर्षीय इखलाख अहमद को सांड ने कई बार उठाकर पटक दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

कानपुर, अमृत विचार। नगर निगम की धृतराष्ट्र व्यवस्था ने एक बुजुर्ग के परिवार को जीवनभर का दर्द दे दिया। शहर में घूम रहे आवारा जानवर राहगीरों के लिए आए दिन काल बन रहे हैं। सोमवार को एक सांड ने तंबाकू लेकर घर लौट रहे बुजुर्ग को घसीट-घसीटकर सड़क पर उठाकर पटका जिससे उनकी जान चली गई। हृदय विदारक घटना के बाद जिम्मेदार अधिकारियों की इस धवस्त व्यवस्था के चलते परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। 

मीरपुर कैंट के रहने वाले 62 वर्षीय इखलाल अहमद सोमवार शाम चार बजे के आसपास घर से निकलकर पड़ोस की दुकान में तंबाकू लेने गे थे। वहां से लौटकर वह घर जा रहे थे। अभी वह कुछ कदम चले ही थे कि वहां घूमने वाले आवारा सांड़ ने पीछे से उन पर हमला कर दिया। सांड़ ने उन्हें सींगों में फंसाकर कई बार घसीट-घसीटकर सड़क पर पटक दिया।

इस बीच उनका कुर्ता सांड़ की सींग में फंस गया। वह उन्हें सींगों में फंसाकर गली में दौड़ता रहा। इस बीच इखलाल सींगों में फंसे रहकर घिसटते रहे। लाठी-डंडों और पानी की मदद से इलाके के लोगों ने इखलाल को छुड़ाने का प्रयास किया। करीब दस मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद लहूलुहान हालत में वह सांड़ के चंगुल से वह छूट सके।

आनन-फानन में परिजन उन्हें केपीएम अस्पताल ले गए जहां से उन्हें हैलट रिफर कर दिया गया। कुछ घंटे इलाज के बाद देर रात 1.47 बजे उनकी मौत हो गई। मौत की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया। रेलबाजार पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार्रवाई की जा रही है। अगर परिजन कोई तहरीर देते हैं, तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी। 

परिवार में जिम्मेदारों के खिलाफ आक्रोश

इखलाल के परिवार में पत्नी आफदा और तीन बेटे एजाज अहमद, आफताब अहमद और आफाद अहमद हैं। परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस में नगर निगम के अधिकारियों को हादसे का जिम्मेदार बताया। उनका कहना था कि सरकार आवार पशुओं के खिलाफ इतने अभियान चला रही लेकिन अधिकारियों ने कुछ नहीं किया। जिसके चलते उनके घर के प्रमुख सदस्य की असमय मौत हो गई। 

ये भी पढ़ें- Kanpur Theft News: चोरों ने दो घरों में की लाखों रुपये की चोरी, ग्रामीणों ने एक को पकड़ा, जांच में जुटी पुलिस

संबंधित समाचार