पीलीभीत: नहर पटरी फटने के बाद गेहूं की फसल हुई जलमग्न, मशक्कत करते रहे किसान...अब सताया नुकसान का डर 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत/बिलसंडा, अमृत विचार। गांव नगरिया तिलागिरि के पास से गुजरी निगोही ब्रांच की नहर पटरी फट जाने से कई बीघा खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जलमग्न हो गई। किसानों ने बमुश्किल पटरी को बांधने के बाद ट्यूबवेल लगाकर खेतों से पानी निकालना शुरू किया, ताकि फसल को बचाया जा सके। उधर किसानों ने फसल के क्षतिग्रस्त  होने पर प्रशासन से मुआवजा की मांग की है।

बता दे कि  गांव नगरिया तिलागिरि के समीप नहर की पश्चिमी पटरी मंगलवार रात अचानक फट गई।  जिससे कई बीघा खेतों में नहर का पानी भर गया। खेतों में खड़ी गेहूं की फसल जलमग्न हो गई। किसानों का कहना है कि पटरी फटने की सूचना सिंचाई विभाग के अवर अभियंता को दी गई ,लेकिन उनके द्वारा पटरी बंधवाने के लिए कोई प्रयास नहीं किया गया।

मजबूरन किसानों ने ही आगे बढ़कर किसी तरह पटरी को बांधा और फसल बचाने के लिए कई ट्यूबवेल लगाकर खेतों से पानी निकलना शुरू किया। फार्मर बलविंदर सिंह, जसवीर सिंह समेत कई किसानों की करीब 65 बीघा गेहूं की फसल जलमग्न होने का अनुमान लगाया गया है। किसानों ने प्रशासन से फसल क्षतिग्रस्त होने पर मुआवजे की मांग भी की है।

उधर, इसी तरह कनपरा माइनर की पटरी भी पानी के ओवरफ्लो होने की वजह से फट गई। कई जगह पटरियां के फटने की वजह से खेतों में पानी भर गया। जिसकी वजह से किसानों की फसल अब चौपट होने के कगार पर पहुंचती दिख रही है। किसानों का कहना है कि अगर शीघ्र ही खेतों से पानी नहीं निकाला गया,तो फसल पूरी तरह नष्ट हो जाएगी।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: ग्रीनलैंड में काटा आम का बाग...कॉलोनी बनाने की तैयारी, अब शुरू हुई जांच तो मची खलबली

संबंधित समाचार