अमरोहा: ओवरब्रिज से गिरकर बाइक सवार महिला की मौत, तेज रफ्तार कार व बाइक की टक्कर से पति व पांच वर्षीय बेटी घायल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पत्नी व बेटी के साथ ससुराल जा रहा था किसान सत्येंद्र

अमरोहा, अमृत विचार। अमरोहा देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत बुधवार देर रात अतरासी रेलवे ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार कार ने  बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। जिससे महिला उछलकर ओवरब्रिज से करीब 25 फिट नीचे जा गिरी और उसकी मौत हो गई। दुर्घटना में महिला का पति व पांच वर्षीय बेटी घायल हो गए। चालक कार छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल पिता व बेटी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। 

थाना अमरोहा देहात क्षेत्र के गांव जलीलपुर बक्काल निवासी किसान सत्येंद्र सैनी बुधवार को पत्नी बबीता उर्फ वंदना (35) और पांच वर्षीय बेटी तानी के साथ बाइक से गांव इमली वाली मढ़ैया अपनी ससुराल जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जब बाइक अतरासी ओवरब्रिज पर पहुंची तो सामने आ रही तेज रफ्तार कार ने  टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बबीता हवा में उछलकर ओवरब्रिज से नीचे जा गिरी। जबकि सत्येंद्र और बेटी तानी गंभीर घायल हो गए।

हादसे की सूचना पर शहर कोतवाली और अमरोहा देहात थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल सत्येंद्र और बच्ची को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।  गुरुवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया। सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि बबीता के चाचा नरेश कुमार की तहरीर पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। इसका वीडियो भी वायरल हो रहा है।

ये भी पढ़ें:- अमरोहा : रैन बसेरे की टूटी खिड़की से आ रही ठंडी हवा, अधूरी मिलीं ठंड से बचाव की व्यवस्थाएं

संबंधित समाचार