नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया को दिशा देने का काम कर रहा नया भारत : पुष्कर सिंह धामी
संभल,अमृत विचार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नया भारत दुनिया को दिशा देने का काम कर रहा है। विश्व मंचों पर कुछ भी बड़ा होता है तो दुनिया भारत के रुख का इंतजार करती है। पूरे विश्व में भारत का मान, सम्मान और स्वाभिमान बढ़ा है।
संभल जनपद के पंवासा में पंडित रामप्रसाद शर्मा जनता इंटर कालेज के रजत जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में बोलते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आगे कहा कि हमारा देश भारत प्राचीन काल से ही विश्व गुरु रहा है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पुनः हम इस दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। आज चाहे शिक्षा का क्षेत्र हो, ज्ञान का क्षेत्र हो, विज्ञान का क्षेत्र हो या रक्षा का क्षेत्र हो, भारत हर क्षेत्र में तरक्की कर रहा है।
उन्होंने कहा कि दुनिया के लोगों की आस्था और विश्वास हमारे देश के लिए बढ़ा है, उसके पीछे बहुत सारे कारण हैं। एक समय ऐसा भी था जब बड़े-बड़े मंचों पर हम अपनी बात भी नहीं कह पाए थे। अपने हितों की बात जोर से बोलने में भी हमें संकोच होता था। अब एक ऐसा समय आ गया है कि विश्व के मंचों पर कहीं भी अगर कोई बड़ी घटना होती है तो आज दुनिया भारत के रुख का इंतजार करती है। दुनिया को दिशा देने वाले भारत के रूप में हम आगे बढ़ रहे हैं।
पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश को नई शिक्षा नीति प्राप्त हुई है। उत्तराखंड में नई शिक्षा नीति को लागू कर दिया गया है। नई शिक्षा नीति में सभी वर्ग के लोगों को समानता के आधार पर शिक्षा प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे। नई शिक्षा नीति में एक छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास की नींव रखी गई है। युवा पीढ़ी को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए अलग से कोचिंग करने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के युवाओं के भविष्य को समृद्ध बनाने के लिए एक रोड में तैयार किया जा रहा है। उस रोड मैप के अनुसार उत्तराखंड में युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए प्रत्येक स्तर पर हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मेडिकल कॉलेज बनाने के साथ ही प्राथमिक और उच्चतर शिक्षा को बेहतर बनाने का काम किया जा रहा है। 2047 तक विकसित भारत बनाने में हम कामयाब होंगे।
ये भी पढ़ें : संभल: जिला अस्पताल की लिफ्ट में फंसा तीमारदार, मची खलबली
