मथुरा: पटाखों के विस्फोट से दो मंजिला मकान जमींदोज, एक की मौत
मथुरा। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के सुरीर क्षेत्र में बीती रात पटाखों के विस्फोट से एक दो मंजिला मकान जमींदोज हो गए जिसके मलबे में दब कर एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक देहात श्रीशचन्द्र ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार की आधी रात बाद ग्राम …
मथुरा। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के सुरीर क्षेत्र में बीती रात पटाखों के विस्फोट से एक दो मंजिला मकान जमींदोज हो गए जिसके मलबे में दब कर एक व्यक्ति की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक देहात श्रीशचन्द्र ने शनिवार को बताया कि शुक्रवार की आधी रात बाद ग्राम सुरीरकलां में जोगेन्द्र के घर पर विस्फोट हुआ जिससे उनकी दुमंजिली इमारत भरभराकर गिर गई तथा बगल के मकानो में भी दरार आई है।
मकान के गिरने एवं चीख पुकार सुनकर पुलिस को सूचना दी गई और क्षेत्रीय जनता ने बचाव कार्य शुरू किया। कुछ देर में पुलिस और प्रशासनिक टीमे भी पहुंचं गईं तथा यु़द्धस्तर पर बचाव कार्य किया गया। मलबे में दबे सात लोगों को निकाला गया लेकिन तब तक गृहस्वामी जोगेन्द्र (25) की मृत्यु हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि घायलों इन्द्रवती (55), जोगेन्द्र की पत्नी शिवानी (22), बाबी (40), सबिता (18), महेन्द्र (48) तथा दीपाशू (13) को प्राथमिक इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया गया जहां सबिता, महेन्द्र तथा दीपाशू को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
जबकि शिवानी एवं बाबी उर्फ सुनील का इलाज चल रहा है। घायल इन्द्रवती की हालत खराब होने के कारण उसे आगरा मेडिकल कालेज बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है। पुलिस के अनुसार जोगेन्द्र के घर में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण रखा था तथा इन पटाखों में ही अचानक विस्फोट हुआ है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा गौरव ग्रोवर द्वारा घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। चीफ फायर आफिसर मथुरा घटना की जांचकर शीघ्र ही रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में 4/6 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत इन्द्रवती आदि के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
उधर जांच करने के बाद घटनास्थल से लौटे चीफ फायर आफिसर प्रमेाद शर्मा ने बताया कि पटाखों का स्टोर छत पर बने कमरे में था तथा इस घटना में चार बंदर भी मारे गए हैं।
