पीलीभीत: झोपड़ी में सो रही थी मां-बेटी, अचानक लग गई आग...सामान जलकर हुआ राख
पीलीभीत, अमृत विचार। अज्ञात कारणों के चलते झोपड़ी में आग लग गई। भीतर सो रही मां-बेटी की धुआं जमा होने पर आंख खुली और दौड़कर बाहर निकली। ग्रामीणों की मदद से आग पर काबू किया। हालांकि तब तक छह बकरियों की जान चली गई और गृहस्थी का सामान भी जल गया। विधायक ने पीड़ित परिवार को मदद का आश्वासन दिया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मकरंदपुर रोशन सिंह निवासी शिवकुमार पुत्र जगन्नाथ मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। वह कई दिनों से मजदूरी के लिए बाहर गए हुए हैं। घर पर पत्नी नन्हींदेवी और बच्चे हैं। गुरुवार रात को खाना खाने के बाद पत्नी नन्हींदेवी पुत्री गायत्री देवी के झोपड़ी में सो गई।
देर रात अचानक आग लग गई। धुआं होने पर दोनों की आंख खुली तो आग की लपटें देख होश उड़ गए। भागकर बाहर निकले और शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को जमा किया। एकजुट होकर आग पर बमुश्किल आग पर काबू किया।
हालांकि तब तक झोपड़ी में बंधी छह बकरियां आग की चपेट में आकर मर गई। एक बकरे को जिंदा बचाया गया। इसके अलावा बिस्तर, चारपाई ,बर्तन, अनाज आदि गृहस्थी का सामान जल गया। शुक्रवार को हादसे की सूचना मिलने पर भाजपा विधायक विवेक वर्मा मौके पर पहुंचे। पीड़ित परिवार से हादसे की जानकारी की और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। राजस्व विभाग की टीम ने मौका मुआयना कर नुकसान का आकलन किया।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: एक जनवरी से अनिश्चित कालीन हड़ताल करेंगे कोटेदार, राज्यमंत्री और सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर भरी हुंकार
