Fatehpur News: पॉजिटिव केसों की लखनऊ में होगी जीनोम सीक्वेंसिंग… पॉजिटिव केसों की लखनऊ में होगी जीनोम सीक्वेंसिंग
पॉजिटिव केसों की लखनऊ में होगी जीनोम सीक्वेंसिंग।
पॉजिटिव केसों की लखनऊ में जीनोम सीक्वेंसिंग होगी। रैपिड रिस्पांस टीम को ट्रेनिंग दी जाएगी। कई प्रदेशों में बढ़ रहे कोरोना के मामलों को लेकर सतर्कता।
फतेहपुर, अमृत विचार। कई प्रदेशों में कोरोना के केसों में एकाएक हो रही बढ़ोत्तरी से स्वास्थ्य महकमा सतर्क हो गया है। कोविड पाजिटिव नमूनों की जीनोम सीक्वेंसिंग कराने की तैयारी कर ली गई है। सरकारी व निजी अस्पतालों की ओपीडी में आ रहे ऐसे लोग जिन्हें सर्दी-जुकाम, बुखार व सांस लेने में दिक्कत है, उनकी 24 घंटे के भीतर कोरोना जांच कराई जाएगी। विदेश यात्रा से लौट रहे लोगों पर भी निगरानी करने की बात कही गई है।
जिला सर्विलांस अधिकारी डा. केके सिंह ने बताया कि जिले की लैब से कोरोना संक्रमित लोगों के सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग कराने के लिए केजीएमयू भेजे जाएंगे। जिले में बने इंटीग्रेटेड कोविड कमांड सेंटर को फिर से सक्रिय करने, शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में सर्विलांस के लिए टीमें गठित करने, जिले व ब्लाक स्तर पर बनाई गई रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) व आशा वर्कर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व ग्राम निगरानी समिति को ट्रेनिंग दी जाएगी।
मेडिकल किट का होगा वितरण
निगरानी समितियां लक्षण वाले लोगों को मेडिकल किट का वितरण करेंगी। आरआरटी में एक डाक्टर शामिल होगा और कोरोना संक्रमित मरीज के घर का भ्रमण कर उसके संपर्क में आए लोगों की 24 घंटे के भीतर जांच की जाएगी। संपर्क में आए ऐसे लोग जिनमें कोरोना के लक्षण नहीं हैं, उन्हें भी सतर्क किया जाएगा। लक्षण दिखते ही कोरोना की जांच के लिए इंटीग्रेटेड कोविड कमांड सेंटर से मदद ले सकते हैं।
दस लाख से ज्यादा को बूस्टर डोज का इंतजार
स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि कोरोना पर काबू पाने की उनकी तैयारियां पूरी है। संक्रमितों के सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए लखनऊ भेजे जाएंगे। बता दें कि करीब एक साल से कोरोना की वैक्सीन नहीं लगाई जा रही है। प्राइवेट अस्पतालों में भी अब वैक्सीन उपलब्ध नहीं है। आंकडों की मानें तो दस लाख से अधिक लोगों को जिले में बूस्टर डोज का इंतजार है।
शासन से मिले निर्देशों के तहत तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके लिए जरूरी निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही टीमों को प्रशिक्षण मिलेगा।- डा. इस्तियाक अहमद, एसीएमओ
ये भी पढ़ें- Kanpur News: आतंकी हमले में चौबेपुर के भाऊपुर गाँव का जवान हुआ शहीद, सहकर्मी ने परिजनों को दी सूचना
