गोंडा: नील ठाकुर मामले में पांच नामजद समेत 9 के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज, जानें पूरा मामला
अवध केसरी सेना के प्रदेश अध्यक्ष को गोली मारे जाने का मामला
गोंडा, अमृत विचार। अवध केसरी सेना के प्रदेश अध्यक्ष नील ठाकुर को गोली मारने के मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला करने समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। वहीं घायल नील ठाकुर का इलाज लखनऊ के एक निजी अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
डॉक्टर के मुताबिक गोली पेट के निचले भाग में फंसी हुई है। उसे निकालने की कोशिश की जा रही है। कोतवाली देहात अंतर्गत बैरिया बिशुनपुर के रहने वाले अवध केसरी सेना के प्रदेश अध्यक्ष अमरपाल सिंह उर्फ़ नील ठाकुर को बृहस्पतिवार की देर रात पुरानी रंजिश में गोली मार दी गई थी। वह घायल अवस्था में गोंडा उतरौला मार्ग पर सोनी गुमटी रेलवे क्रॉसिंग के पास पड़े मिले थे।
पुलिस ने उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया था जहां से डॉक्टर ने उन्हें लखनऊ के लिए रेफर कर दिया था लखनऊ के चंदन हॉस्पिटल में नील ठाकुर को भर्ती कराया गया है। डॉक्टर के मुताबिक गोली पेट के निचले हिस्से में फंसी है। उसको निकालने का प्रयास किया जा रहा है। इस मामले में उनके परिजनों की तरफ से पांच नामजद व चार अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए कोतवाली नगर में तहरीर दी गई थी।
पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर समर बहादुर सिंह उर्फ बिक्कू सिंह निवासी कोठा वजीरगंज, प्रवीण मिश्रा निवासी गायत्रीपुरम नगर कोतवाली, राधारमण त्रिपाठी सिंगहा चंदा वजीरगंज, अखंड सिंह मोहनपुर खैरानी वजीरगंज व दारा खान निवासी तोपखाना नगर कोतवाली तथा चार अज्ञात के खिलाफ जानलेवा हमला करने समेत कई संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।कोतवाल राजेश सिंह ने बताया कि पांच नामजद तथा टचार अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है। गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
