परीक्षा देकर लौट रही छात्राओं को अज्ञात ट्रक ने रौंदा, एक की मौत
संतकबीरनगर, अमृत विचार। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रैना पेपर मिल के पास स्कूटी सवार दो छात्राओं को अज्ञात नम्बर की तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई वहीं दूसरी गम्भीर रूप से घायल हो गई। उसका उपचार जिला अस्पताल पर जारी है।
पुलिस क्षेत्राधिकारी दीपांशी राठौर ने बताया कि गोरखपुर के शाहपुर मोहल्ले की निवासी खुशी सिंह पुत्री राजेश्वर सिंह और ऋचा श्रीवास्तव पुत्री विजय श्रीवास्तव एक ही स्कूटी पर सवार होकर स्नातक की परीक्षा देने खलीलाबाद आई थीं। परीक्षा देकर वापस लौटते समय राष्ट्रीय राजमार्ग के रैना पेपर मिल के पास उन्हें अज्ञात नम्बर की ट्रक ने ठोकर मार दिया। इस घटना में ऋचा श्रीवास्तव की घटना स्थल पर ही मौत हो गई जबकि खुशी सिंह गम्भीर रूप से घायल हो गई। घायल का उपचार जिला अस्पताल पर जारी है। उन्होंने बताया कि छात्राओं के परिजनों को सूचना दी गई है। मृत छात्रा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर मुकदमा कायम किया गया है।
ये भी पढ़ें -इंडिया गठबंधन में शामिल हो बसपा : फरीद
