मुरादाबाद : खेतों में सरसों के पीले फूल...विचारों-रिश्तों की गांठ बांध भीड़ से जुड़ते गए सीएम योगी
राजनीति : यूपी को आर्थिक विकास का इंजन बनाने में मांगा सबका साथ, जाटलैंड से जुड़ने को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के नहीं आने की चर्चा की
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गदा भेंट करते अखिल उत्तर प्रदेश जाट महासभा के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र चौधरी।
आशुतोष मिश्र, अमृत विचार। खेतों में सरसों के पीले फूल। गन्ने की फसल के करीब स्थापित किसानों के मसीहा चौधरी चरण सिंह की विशाल कद प्रतिमा। चारों ओर खेती- किसानी के खिले हुए रंग। इसका फायदा उठाकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों की नब्ज पकड़ी। चौधरी चरण सिंह की सोच और चिंतन से बात शुरू कर रिश्ते और विचारों की गांठ बांधकर भीड़ से जुड़ते चले गए। पंडाल में जनसमूह और खेतों की पंगड़डियों पर खड़ी भीड़ उनकी मुरीद हो गई।
यह दृश्य बिलारी के नरू में आयोजित चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा अनावरण एवं किसान महासम्मेलन का है। मुख्यमंत्री भीड़ को उत्साहित कर जाट महासभा और सहयोगी संस्था के प्रयास की सराहना भी करते रहे। जाट बाहुल्य क्षेत्र में राजनीतिक चतुराई से मुख्यमंत्री ने आयोजकों में शामिल सेवानिवृत आईएस, न्यायायिक अधिकारी और सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान करने वाले जाट परिवार के सदस्यों का हौसला बढ़ाया।
कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के शामिल न होने की वजहों का जिक्र किया। कहा कि भूपेंद्र जी की इच्छा कार्यक्रम में आने की थी। इसके बाद उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के योगदान में मंडी कानून की समाप्ति, खेती और किसानी को लेकर उनकी सोच, ईमानदारी का जिक्र कर इस समाज के लोगों से रिश्तों की गांठ बांधते रहे। तीन किसानों को मुफ्त ट्रैक्टर, पानी के अवसर को चरण सिंह के चिंतन का प्रतिफल बताया। कहा, राज्य में सबसे अधिक नेशनल हाईवे बने हैं। गंगा एक्सप्रेस हाईवे क्षेत्र के लिए वरदान है।
मुख्यमंत्री ने छपौली चीनी मिल के उद्धार का जिक्र कर कहा कि चौधरी साहब ने साल 1980 में उस मिल की क्षमता विस्तार की बात लोगों से की थी। इसके लिए मैंने एकमुश्त धनराशि उपलब्ध कराई। जिससे उनकी कर्मभूमि की मिल का उद्धार हुआ। यह मिल बागपत क्षेत्र में है। उन्होंने प्रदेश को वन ट्रिलियन की अर्थव्यवस्था बनाने में सबका साथ मांगा। कहा कि प्रदेश को विकास का इंजन बनाना है। लोगों ने उनका जयघोष कर समर्थन जताया।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : 'नो दंगा, यूपी में सब चंगा', सीएम योगी बोले- संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों का उपहास उड़ाने वालों को भुगतनी होगी सजा
