मुरादाबाद: शौक पूरा करने के लिए बहनों ने बना लिया लुटेरा गैंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। महंगे शौक पूरे करने के लिए तीन सगी बहनों ने लुटेरा गैंग बना लिया। बस और टैंपो में सवारी बनकर बैठने के बाद एक बहन किसी भी व्यक्ति को निशाना बना लेती थीं। अगर कभी पकड़ में आई तो अन्य बहनें उसके बचाव में आ जाती थीं। शनिवार को उन्होंने मुरादाबाद में …

मुरादाबाद, अमृत विचार। महंगे शौक पूरे करने के लिए तीन सगी बहनों ने लुटेरा गैंग बना लिया। बस और टैंपो में सवारी बनकर बैठने के बाद एक बहन किसी भी व्यक्ति को निशाना बना लेती थीं। अगर कभी पकड़ में आई तो अन्य बहनें उसके बचाव में आ जाती थीं। शनिवार को उन्होंने मुरादाबाद में भी एक घटना को अंजाम दिया। गनीमत यह रही कि जानकारी होने के चार घंटे बाद सिविल लाइंस पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से चोरी के जेवर, नकदी और पर्स भी बरामद हुआ है।

शनिवार को कांठ रोड स्थित आशियाना कालोनी निवासी अर्चना शर्मा सामान खरीदने के लिए बाजार जा रही थीं। वह टैंपो में बैठीं तो तीन महिलाएं भी बैठ गईं। कुछ दूर जाने के बाद तीनों उतरकर चली गईं। इस बीच अर्चना ने जब अपना पर्स गायब देखा तो उसके होश उड़ गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस भी एक्टिव हो गई। करीब चार घंटे बाद पुलिस ने बिजनौर के नूरपुर इस्लामनगर निवासी कविता उर्फ अत्ता, रिंकी व पूजा को दबोच लिया।

तलाशी लेने पर उनके पास से अर्चना शर्मा से लूटा गया पर्स व नकदी बरामद हो गई। खुलासा करते हुए एसपी सिटी अमित आनंद ने बताया कि तीनों सगी बहनें और लंबे समय से अपने महंगे शौक पूरा करने के लिए गैंग बनाकर घटनाओं को अंजाम दे रहीं थीं। तीनों के खिलाफ विभिन्न थानों में मामले भी दर्ज हैं।

संबंधित समाचार