संभल में निकला आरएसएस का पथ संचलन, रहे कड़े सुरक्षा प्रबंध
बच्चों में भारतीय संस्कृति को अपनाने के लिए जागृति लाने के उद्देश्य से आयोजन
संभल अमृत विचार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से हिंदू संस्कृति की रक्षा और भारतीय संस्कृति को अपनाने के लिए बच्चों में जागृति लाने के उद्देश्य से बाल स्वयंसेवक पथ संचलन निकाला गया। जिसमें बाल स्वयंसेवकों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लेते हुए पथ संचलन किया। पूर्ण गणवेश में कदमताल करते हुए बाल स्वयंसेवकों ने विभिन्न नारे लगाए। बाल स्वयंसेवकों पर विभिन्न स्थानों पर फूल बरसा कर स्वागत किया गया।
नगर के मुहल्ला दुर्गा कालोनी में स्थित विक्रम पैलेस में सोमवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े स्वयंसेवक जुटे। इनमें युवाओं के साथ ही बाल स्वयंसेवकों की बड़ी तादाद रही। यहां वक्ताओं ने बाल स्वयंसेवक पथ संचलन का उद्देश्य बताया। कहा कि भारतीय संस्कृति को अपनाने के लिए बच्चों में जागृति लाने को इस पथ संचलन का आयोजन किया जा रहा है। जिससे प्रेरित होकर बड़े होने पर बच्चे भारतीय संस्कृति को अपनाने हुए आगे बढ़ेंगे। दोपहर में विक्रम पैलेस से ही बाल स्वयंसेवक पथ संचलन की शुरूआत हुई।
बाल स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में कदमताल करते हुए मुख्य मार्ग से होकर शंकर इंटर कालेज चौराहा, यशोदा चौराहा से होकर निकले। बाल स्वयंसेवकों ने भारत माता की जय, वंदेमातरम जैसे नारे लगाकर देश भक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। पथ संचलन के दौरान बाल स्वयंसेवकों पर भाजपा और हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने फूल बरसाकर स्वागत किया। पथ संचलन को लेकर सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे। सीओ अनुज कुमार चौधरी, कोतवाल पवन कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें : संभल : बजट मंजूर होने पर भी शुरू नहीं हुआ एआरटीओ कार्यालय का निर्माण
