सीवर लाइन: शाहजहांपुर में जेसीबी से मिट्टी बराबर कर रास्ता खोला....सड़क नहीं बनाई, जानिए मामला
शाहजहांपुर, अमृत विचार: महानगर की सबसे व्यस्ततम सड़क जेल रोड पर सीवर लाइन बिछाने का काम पूरा कर लिया गया है। साथ ही बैरिकेडिंग हटाकर वाहनों की आवाजाही भी चालू कर दी है, लेकिन सड़क का निर्माण न कराए जाने से उड़ती धूल और खोदाई से जर्जर हुए रास्ते के कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता महेंद्र पाल ने सड़क निर्माण न कराए जाने पर कड़ा एतराज जताया है। उन्होंने जल निगम के अधिशासी अभियंता कपिल राम को पत्र लिखा है, जिसमें कहा है कि यह सबसे व्यस्त सड़क है, जिसे तत्काल पहले की तरह बनवाएं।
महानगर में सीवर लाइन परियोजना की मंजूरी वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना के प्रयास से वर्ष 2019 में हुई थी। 377 करोड़ 51 लाख की सीवर लाइन परियोजना की मंजूरी के बाद लोगों में खुशी थी कि अब शहर में जलभराव आदि की समस्या से निजात मिलेगी। वर्ष 2021 में निर्माण कंपनी ने काम शुरू किया।
इस काम को पहले दो साल में यानी जून 2023 में पूरा करना था। कोरोना संक्रमण काल और चुनाव आदि की रुकावट के कारण परियोजना कार्य की अवधि बढ़ाकर 31 दिसंबर 2023 कर दी गई थी। 22 नवंबर से जेल रोड पर लाइन बिछाने का काम शुरू किया तो 15 दिसंबर तक का डायवर्जन लिया गया।
तय अवधि में काम पूरा नहीं हुआ तो डायवर्जन की तिथि बढ़ाकर 20 दिसंबर की गई। 23 दिसंबर को जेसीबी से मिट्टी बराबर करने के बाद सभी वाहनों का आवागमन शुरू करा दिया गया। आलम यह है कि मिट्टी पटाई के कारण गड्ढों वाली इस सड़क से तब और निकलना मुश्किल हो जाता है, जब धूल का गुबार सामने आता है।
इस समस्या को देखते हुए पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता ने जल निगम के एक्सईएन को लिखे पत्र में कहा है कि जेल रोड की पूरी तरह से मरम्मत नहीं कराई गई है। इससे आवागमन में असुविधा हो रही है। पूर्व की स्थिति के अनुरूप मरम्मत न कराए जाने के कारण विभाग भी अग्रिम कार्रवाई नहीं कर पा रहा है।
अधिकारियों की ढिलाई व ठेका कंपनी की मनमानी से हो रही दिक्कत
जल निगम के अधिकारियों की ढिलाई और निर्माण कराने वाली कंपनी की मनमानी का ही नतीजा है कि महानगर में सीवर लाइन बिछाने का काम इस साल पूरा नहीं हो पाएगा। महानगर में सीवर लाइन बिछाने का काम जून 2021 में शुरू हुआ था। 31 दिसंबर 2023 तक परियोजना का कार्य पूरा करना है, लेकिन अभी 35 किलोमीटर की लाइन बिछाने का काम बाकी है।
आलम यह है कि घंटाघर से रोडवेज तक मुख्य मार्ग पर लगभग सवा दो किलोमीटर तक लाइन बिछाई जानी है। इसके अलावा गलियों में सीवर लाइन बिछाने का काम काफी बाकी है तो लाइन जोड़ने का भी काम शेष है। वहीं जिस तरह से काम हो रहा है, उससे अगले दो-तीन महीने में भी काम पूरा होने की संभावना नहीं है।
जेल रोड पर अभी कुछ काम बाकी है, इसलिए सड़क का निर्माण नहीं कराया गया है। शहर में 85 प्रतिशत काम पूर्ण हो चुका है। 31 दिसंबर तक 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण करने का प्रयास किया जाएगा। इसके बाद शासन को रिपोर्ट भेजकर समय अवधि बढ़वाई जाएगी---कपिल राम, अधिशासी अभियंता- जल निगम।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: निगोही में भीषण सड़क हादसा, 10 वर्षीय मासूम के सिर के ऊपर से उतरा ट्रक का पहिया, मौत
