कासगंज: मामूली विवाद में चार भाई-बहनों को मारी गोली, गंभीर हालत में भर्ती
अमांपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला मइयां में हुई घटना, मौके पर पहुंची पुलिस
कासगंज, अमृत विचार। अमांपुर थाना क्षेत्र के गांव नगला मइयां में मंगलवार सुबह दहशत का माहौल हो गया। यहां मामूली बात को लेकर हुए विवाद में नामजद आरोपी ने परिजनों की सह पर चार भाई-बहनों को गोली मार दी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अमांपुर स्वास्थ्य केंद्र से उन्हें कासगंज जिला अस्पताल रेफर किया गया। जहां उनका उपचार किया जा रहा है। मामले में पुलिस जांच में जुटी हुई है। चार नामजदों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर ली है।
घटना सुबह लगभग 7:30 बजे की है। गांव नगला मइया निवासी सुरजीत सिंह ने आरोप लगाया है कि वह अपने घर के बाहर खड़े थे कि तभी गांव के ही सतीश, उनका भाई राजा, परिवार के ही अरविंद व श्याम मौके पर आ गए और कहने लगे कि तुम प्लास्टिक डिब्बी बनाने का कार्य नहीं करोगे अपनी मशीन बंद कर दो। उसने जब कहा कि पहले से ही वह मशीन से प्लास्टिक की डिब्बी बनाने का कार्य करता है इसलिए मशीन बंद नहीं कर सकता। आरोप है कि इसी बात को लेकर नामजदों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। चीख-पुकार सुनकर पुत्री खुशबू, राघवेंद्र, राहुल और परिवार के भाई अमन भी मौके पर आ गए और गाली गलौज कर रहे लोगों का विरोध किया।
इस पर सतीश, अरविंद, श्याम ने राजा को उकसाया कि गोली मार दे। फिर राजा ने अंटी में लगे 12 बोर के तमंचे से गोली चला दी। चारों भाइयों के पैरों में गोली लगी। जिससे वह मौके पर ही गिर गए। आनन फानन में घायलों को अमांपुर स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया। जहां से चारों को कासगंज जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने सुरजीत की तहरीर के आधार पर नामजदों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की है।
मच गई भगदड़ और अफरा तफरी
जैसे ही गांव नगला मइयां में गोली चली तो भगदड़ और अफरा तफरी का माहौल हो गया। लोग दहशत में आ गए। सूचना पर गांव में पुलिस पहुंच गई। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेलिया है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां सभी सेहत में सुधार है - साजिदा नसरीन, सीओ सहावर।
ये भी पढ़ें- कासगंज: कोहरा बना काल, डीपीओ सहित तीन की मौत
