Weather Update News: कोहरा छाने से मौसम में हुई गिरावट, दिन में चल रही ठंडी हवाएं, यहां जानें- मौसम का हाल
कानपुर में 28 से और घना होगा कोहरा।
कानपुर और उन्नाव में कोहरा होने की मौसम विभाग ने सम्भावना जताई है। इसके अलावा मौसम वैज्ञानिकों ने दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज होने का अंदेशा जताया है।
कानपुर, अमृत विचार। 28 दिसंबर से शहर में कोहरा होने की मौसम विभाग ने सम्भावना जताई है। इसके अलावा मौसम वैज्ञानिकों ने दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज होने का अंदेशा जताया है। वैज्ञानिकों का यह भी कहना है कि दिन का तापमान गिरने से शहर वासियों को और अधिक सर्दी का सामना करना पड़ सकता है।
मंगलवार सुबह कोहरे ने शहर को अपने आगोश में ले लिया। कोहरे की पहली दस्तक के बाद मौसम वैज्ञानिकों ने इसे दो दिन और गहरा होने की संभावना व्यक्त की है। मौसम वैज्ञानिकों का यह भी कहना है कि सुबह और शाम को अधिक कोहरे की वजह से दृश्यता पर भी असर पड़ेगा। दिन का तापमान गिरने से ठंड बढ़ेगी। विभाग की ओर से यह भी आशंका जताई गई है कि इस दौरान हल्के एवं मध्यम बादल भी आसमान में दिखाई देंगे। बावजूद इसके रविवार तक बारिश की कोई संभावना नहीं होगी।
चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के वैज्ञानिकों ने मंगलवार को अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। इसी तरह न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस पाया गया। मौसम वैज्ञानिक डॉ एस एन सुनील पांडे ने बताया कि आने वाले तीन दिनों के भीतर मौसम में सर्दी बढ़ेगी। दिन में मध्य व तेज हवाएं चलेगी जिससे फिलहाल दिन में कोहरे से राहत रहेगी। बावजूद इसके सुबह और शाम को शहरवासियों को घने कोहरे का सामना करना पड़ेगा।
उन्नाव में रात में 9 डिग्री पहुँचा तापमान, दिन में खिली धूप खुला आसमान
दिसंबर माह का अंतिम सप्ताह रात में ठंड व कोहरे का असर बढ़ाने वाला साबित हो रहा है। हालांकि दिन की धूप सर्दी से राहत दिला रही है, लेकिन अब सूर्य की किरणों की गरमी पूरी तरह से ठंढ़ से राहत नहीं दिला पा रही है। इधर लगातार सुबह के समय कोहरे की घनी चादर छायी रहती है। इससे शहर के बाहरी इलाके में सुबह आठ बजे तक दृश्यता काफी कम रहती है।

वहीं शाम गहराने के साथ ही ठंडी हवायें गलन बढ़ाना शुरू कर देती है। वैसे तो ठंढ़ सभी की मुसीबत बढ़ाती है, लेकिन सर्दी का प्रभाव बुजुर्गों के साथ एक-दो साल आयु वर्ग के बच्चों पर खासा प्रभाव डालती है। इसके साथ ही ठंड बढ़ने के कारण रोज कमाने खाने वाले व बेजुबानों को भी खासी दिक्कतें दे रही है। लोग घरों में रात के समय आग जलाकर काम चला रहे हैं, वहीं रास्तों पर जल रहे अलाव बेजुबानों का सहारा बने हुये हैं।
ये भी पढ़ें- Kanpur News: बीएएमएस छात्रों का साथ देने वाले छात्र को निष्कासित करने पर CSJM गेट पर दिया धरना, जमकर की नारेबाजी
