पीलीभीत: पति कैंसर से पीड़ित... भुगतान को चक्कर लगा रही पूर्व महिला प्रधान, मुख्यमंत्री दरबार में शिकायत के बाद खलबली
DEMO IMAGE
पीलीभीत, अमृत विचार: प्रधानी कार्यकाल के अंतिम दिनों में साढ़े चार लाख रुपये से कराए गए विकास कार्यों का भुगतान आज तक पूर्व महिला प्रधान को नहीं मिल सका। आरोप है कि एडीओ पंचायत और सचिव ने रकम निकालकर बंदरबाट कर लिया। मुख्यमंत्री से शिकायत होने के बाद डीपीआरओ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्कालीन सचिव से स्पष्टीकरण तलब करते हुए वर्तमान सचिव से महिला प्रधान द्वारा कराए गए कार्यों का ब्यौरा मांगा है।
बिलसंडा ब्लाक की ग्राम पंचायत बबूरा की पूर्व ग्राम प्रधान जया कुशवाहा ने कार्यकाल के अंतिम दिनों में साढ़ लाख रुपए से विकास कार्य कराए थे। 25 दिसंबर 2020 को प्रधानी का कार्यकाल समाप्त हो गया। आरोप है कि एडीओ पंचायत और तत्कालीन सचिव ने डोंगल द्वारा धनराशि निकालकर पैसा ऐसी फर्मों को दे दिया, जिन फर्मों से सामान लिया ही नहीं गया।
प्रधान ने जब इस बावत सचिव से पूछा तो उन्होंने धनराशि स्वयं देने की बात कही, लेकिन आज तक उसे भुगतान नहीं किया। इस मामले में पूर्व महिला प्रधान ने मुख्यमंत्री दरबार पहुंचकर शिकायत की। शिकायती पत्र में कहा गया कि उसके पति कैंसर से पीड़ित हैं।
धनराशि का भुगतान न होने पर पति के इलाज के लिए उसे अपनी जमीन तक बेचनी पड़ी। इधर मामले को संज्ञान में लेते हुए डीपीआरओ सतीश कुमार ने तत्कालीन सचिव रितेश शुक्ला से स्पष्टीकरण तलब करते हुए वर्तमान सचिव से महिला प्रधान द्वारा कराए गए कार्यों का ब्यौरा मांगा है।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: 236 अधिवक्ताओं ने डाले वोट, प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष बने अमिताभ मिश्रा, संजय पांडेय महासचिव
