पीलीभीत: 236 अधिवक्ताओं ने डाले वोट, प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष बने अमिताभ मिश्रा, संजय पांडेय महासचिव
पीलीभीत/पूरनपुर, अमृत विचार: प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन की नई टीम को लेकर कयासबाजी थम गई। बुधवार को हुए चुनाव में अमिताभ मिश्रा अध्यक्ष, शिवराम सनाढ्य वरिष्ठ उपाध्यक्ष और संजय कुमार पांडेय महासचिव निर्वाचित हुए। दुर्गेश सक्सेना कोषाध्यक्ष, हरीश कुमार सह-सचिव प्रशासन, प्रदीप कुमार भारती सह-सचिव पुस्तकालय और संजय शुक्ला सह-सचिव प्रकाशन के पद पर निर्वाचित हुए। परिणाम जारी होते ही तहसील में एक बार फिर जश्न का माहौल छा गया।
तहसील परिसर में बुधवार को एसोसिएशन के चुनाव के लिए मतदान हुआ। कुल 239 मतदाता पंजीकृत थे। इसके सापेक्ष 236 ने मतदान में हिस्सा लिया। सुबह दस बजे चुनाव अधिकारी इफ्तिखार खान के निर्देशन में तहसील परिसर में चुनाव प्रक्रिया शुरू हुई। सुबह से ही प्रत्याशी और उनके समर्थक मतदाताओं को अपने पक्ष में लाने के लिए तहसील में जुटे रहे।
इससे पहले रातभर पार्टियों का दौर चला था। तीन बजे तक मतदान हुआ। इसके बाद नतीजों की गिनती शुरू हुई। अध्यक्ष पद पर तीन दावेदार थे। अमिताभ मिश्रा को 147 वोट, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी विपिन सक्सेना को 76 और दामोदर प्रसाद यादव को 11 मत प्राप्त हुए। अमिताभ मिश्रा ने 71 मतों की बढ़त से जीत दर्ज की।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर शिवराम सनाढ्य को 147 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी नीरू खंडेलवाल को 87 वोट मिले हैं। महासचिव पद पर सर्वाधिक पांच उम्मीदवार मैदान में थे। संजय कुमार पांडेय ने 105 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। कोषाध्यक्ष पद पर दुर्गेश सक्सेना को 144 वोट मिले। सह-सचिव प्रकाशन के पद पर निर्वाचित हरीश कुमार को 93 वोट मिले हैं।
उनके प्रतिद्वंद्वी मुकेश कुमार राठौर को 89 और पंकज कुमार शुक्ला को 34 वोट मिले। प्रदीप कुमार भारती 140 वोट पाकर सह-सचिव पुस्तकालय के पद पर निर्वाचित हुए हैं। वहीं, सह-सचिव प्रकाशन के पद पर निर्वाचित हुए संजय शुक्ला को 143 और उनके प्रतिद्वंद्वी संजय कुमार शुक्ला को 84 वोट मिले हैं। अधिवक्ताओं ने विजेताओं को बधाई दी। समर्थकों के बीच जश्न का माहौल रहा।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: जिस गन्ना प्रजाति से हुए मालामाल, अब उसी से तौबा कर रहे तराई के किसान..जानिए पूरा मामला
