अयोध्या में कोहरे के चलते वाहनों की रफ्तार हुई धीमी

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

अयोध्या, अमृत विचार। पारे का मिजाज ठंडा होने के बाद कोहरे ने मार्गों पर वाहनों की रफ़्तार धीमी कर दी है।इससे आम जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। कोहरे के चलते जिले में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे तक दृश्यता कम होने से वाहन सड़कों पर हेडलाइट जलाकर रेंगते हुए दिखाई दिए। रोडवेज महकमें ने बसों के संचालन की समय-सारिणी की रीशेड्यूलिंग शुरू कर दी है और अब ज्यादातर बसों को रात्रि के बजाय दिन में चलाने की तैयारी की है।   

अयोध्या डिपो से बुधवार शाम रवाना हुई कई रोडवेज बसों को अपने गंतव्य तक पहुँचने में कई घंटे ज्यादा का समय लगा। अयोध्या से देहरादून के लिए रवाना रोडवेज बस पांच घंटे विलंब से पहुंची। कोहरे के चलते 26 दिसंबर को परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक संचालन मनोज कुमार की ओर से पत्र जारी कर हादसे को रोकने के लिए बसों में पर्याप्त तकनीकी इंतजाम कराने और कोहरा घना होने की स्थिति में बसों को नजदीकी डिपो में खड़ा कराने का निर्देश दिया गया है। साथ ही रात्रिकालीन बसों का लोड फैक्टर आधा होने पर संचालन निरस्त करने को कहा गया है।  बस लेकर देहरादून गए संविदा परिचालक कन्हैयालाल ने बताया कि बरेली में बस को रोका गया था लेकिन यात्रियों की नाराजगी के चलते धीरे-धीरे बस को आगे बढ़ाना पड़ा। यही हाल लगभग सभी मार्गों पर रहा। 
  
क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन का कहना है कि कोहरे के चलते बसों का संचालन प्रभावित हो रहा है। मुख्यालय की ओर से ऑन रोड बसों को नजदीकी डिपो पर खड़ी कराने का निर्देश दिया गया है, लेकिन यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।  जिसके चलते सभी डिपो में बसों के संचालन की रीशेड्युलिग कराई जा रही है और डिपो को ज्यादातर बसें दिन में संचालित करने को कहा गया है।  

जिला प्रशासन ने मंगाई एंटी स्मोग गन 
पीएम मोदी के आगमन पर कोहरे के कहर से बचाव के लिए जिला प्रशासन की ओर एहतियाती उपाय के लिए लखनऊ, गोरखपुर और वाराणसी नगर निगम से एंटी स्मोक गन मंगाई है।  जिनका इस्तेमाल पीएम मोदी के विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर घने कोहरे को दूर करने के लिए किया जाएगा।

छह डिग्री लुढ़का तापमान, 30 तक घने कोहरे की संभावना
जिले में गुरुवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। रामनगरी कोहरे की चादर में दोपहर तक लिपटी नजर आई। विजिबिलिटी 100 मीटर तक रही। इस दौरान दिन का तापमान सामान्य से छह डिग्री नीचे लुढ़क गया।  मौसम विभाग के अनुसार 30 दिसंबर तक प्रबल कोहरे की संभावना है। 
       
सुबह छह बजे के करीब घना कोहरा छाया रहा। 11 बजे तक आसमान में धुंध ही धुंध नजर आई। इसके बाद बादलों की ओट से निकलकर सूर्य देव ने दर्शन दिए, लेकिन ठंड से वह भी राहत न दिला सके। दिन भर लोग सिकुड़े-सिकुड़े नजर आए। आचार्य नरेंद्र देव कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्र ने बताया कि अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया। अधिकतम तापमान 15 व न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

ये भी पढ़ें -अयोध्या : पीएम मोदी के स्वागत में थाईलैंड से मंगाए गए फूल

संबंधित समाचार