होटल पर मालिक पर युवती ने लगाया यौन उत्पीड़न का आरोप, पुलिस को होटल से गायब मिले ये साक्ष्य
कानपुर अमृत विचार। नजीराबाद थानाक्षेत्र में जीटी रोड पर स्थित होटल सेलीब्रेशन के मालिक पर रिसेप्शनिस्ट की नौकरी पाने गई युवती ने यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की छानबीन की तो होटल से डीवीआर और अन्य सीसीटीवी के फुटेज गायब मिले। जिसके बाद पुलिस ने युवती का मेडिकल कराकर आरोपी होटल मालिक के खिलाफ यौन उत्पीड़न की एफआईआर दर्ज कराई है। युवती का आरोप है कि नौकरी मांगने पर होटल मालिक ने उससे रिसेप्शनिस्ट की नौकरी नहीं उसकी नौकरी करने की बात कही। कहा कि जो कहूं मानो मुंह मांगा पैसा दूंगा। जिस पर उसने विरोध किया और भागकर घटना की जानकारी परिजनों को दी।
नजीराबाद के एक अपार्टमेंट में रहने वाली 24 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि 28 दिसंबर को सुबह नौ बजे वह जीटी रोड पर गुमटी क्रासिंग के सामने रामकृष्ण नगर में स्थित होटल सेलीब्रेशन में अपनी नौकरी पर गई थी। पीड़िता का आरोप है कि जहां होटल मालिक देशदीप बाटुहा ने अपने कमरे में बुलाया और कहा कि तुमको रिसेप्शनिस्ट की नौकरी नहीं पर्सनल नौकरी करनी पड़ेगी। आरोप है कि जब उसने इसका मतलब पूछा तो वह कहने लगे कि उनके हाथ पैर दबाने पड़ेंगे और संबंध बनाने पड़ेंगे।
आरोप है कि वह कुछ समझ पाती तब तक अ आरोपी होटल मालिक ने उसे जबरदस्ती पकड़ लिया और अश्लीलता करना शुरू कर दिया। आरोप लगाया कि आरोपी ने कहा कि अगर रजामंदी से नहीं मानोगी तो अपने होटल के कमचारियों से कुछ भी कर वाऊंगा। आरोप है कि उसने तुरंत कहा कि जो उसके साथ मनोरंजन नहीं करता उसे नौकरी से निकाल दिया जाता है। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने कहा कि उसकी बहुत पहुंच है कुछ नहीं कर पाओगी। इसके बाद उसने किसी तरह भागकर वहां से जान बचाई और घटना की जानकारी माता पिता और भाई को दी। घटना के बाद व्यापार करने वाले पीड़िता के भाइयों और माता पिता में आक्रोश व्याप्त है।
घटना के बाद सीसीटीवी के फुटेज और डीवीआर गायब
परिजनों का गंभीर आरोप था कि जब उनकी बेटी बुधवार सुबह नौ बजे होटल पहुंची तो होटल मालिक उससे अश्लीलता करने लगे। इस पर उसने विरोध किया। आरोप था कि जिस स्थान पर यह घटना हुई वहां पर सीसीटीवी लगा था। लेकिन डीवीआर ही गायब कर दी गई। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी में फुटेज डिलीट मिले। जिसके बाद पुलिस को शंका हुई तो तुरंत आरोपी मालिक को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान फोर्स के होटल में छानबीन करने से हड़कंप मच गया।
होटल मालिक मोबाइल से करता रहा बात
हाईप्रोफाइल मामला होने के कारण मीडियाकर्मियों का नजीराबाद थाने में जमघट लग गया। इस दौरान परिजनों ने आरोप लगाया पुलिस ने दबाव के कारण होटल मालिक को गिरफ्तार तो कर लिया है। उसे मुंशियाने में बैठाया गया। आरोप लगाया कि पुलिसकर्मियों के सामने वो मोबाइल इस्तेमाल करता रहा। इसके बाद भी किसी एक ने भी आरोपी के हाथ से मोबाइल नहीं छिनाया। आरोप था कि आरोपी की ओर से पुलिस को मोटी रकम दे दी गई। जिसके बाद पुलिस उसकी खातिरदारी में जुट गई।
ये भी पढ़े:- यूपी में बढ़ते कोहरे और भीषण ठण्ड के चलते कई जिलों के स्कूलों में छुट्टी, शिक्षकों के लिए ये है अहम निर्देश
