मुख्यमंत्री और निषाद समाज पर अभद्र टिप्पणी, विरोध में थाने का घेराव कर प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर अमृत विचार। फेसबुक पर लाइव वीडियो में सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ और निषाद समाज पर अभद्र टिप्पणी करने पर निषाद समाज के लोग भड़क उठे। गुरुवार सुबह यूथ एकलव्य सेना की अगुवाई में निषाद समाज के आधा सैकड़ा लोगों ने नवाबगंज थाने का घेराव करके प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। जिससे पुलिस के हाथ पांव फूल गए। समाज के लोगों ने अभद्र टिप्पणी करने वाले आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस को तहरीर देकर आदित्य ठाकुर, बलविंदर उर्फ बल्लू और राज यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इसके बाद पुलिस ने बलविंदर उर्फ बल्लू को हिरासत में ले लिया। 

एसीपी कर्नलगंज महेश कुमार ने बताया कि निषाद समाज के लोगों ने तहरीर देकर बताय कि कुछ लोगों ने निषाद समाज और मुख्यमंत्री के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी की। मामले की जांच की जा रही है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद संज्ञान लेकर एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान यूथ एकलव्य सेना के प्रदेश अध्यक्ष श्रवण कुमार निषाद आधा सैकड़ा से ज्यादा लोगों के साथ थाने पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

उन्होंने बताया कि पुलिस ने शिकायत पत्र ले लिया है और कार्रवाई का आश्वासन भी दिया है लेकिन देर शाम तक दो और आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी। कार्रवाई में शिथिलता बरतने से पूरे समाज में आक्रोश है। चेतावानी दी कि अगर रात में अन्य दो की गिरफ्तारी नहीं हो जाती तो बड़ी संख्या में थाने पहुंच कर लोग प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे। एसीपी ने बताया कि मामले में आरोपियों के खिलाफ आईटी एक्ट, झगड़ा कर सम्मान को ठेस पहुंचाना, धमकाने आदि की धारा में एफआईआर दर्ज की गई है। बताया कि दो और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। समाज के लोगों को समझा बुझा दिया गया है।

ये भी पढ़े:- विकास कार्यों के शिलापट्ट पर अब अधिकारी भूल जायें अपना नाम, योगी सरकार का नया फरमान, सभी डीएम को पत्र जारी

संबंधित समाचार